शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
यमुनानगर

Yamuna Nagar News:एक साल से अधूरी पड़ी अलीपुरा की सड़क – Alipura Road Has Remained Incomplete For A Year

November 1, 2026


रादौर। गांव अलीपुरा से एसके रोड तक करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य एक साल से अधर में लटका हुआ है। पीडब्ल्यूडी विभाग ने सड़क बनाने के लिए करीब एक वर्ष पहले पत्थर बिछाने का काम शुरू किया था, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया।

सड़क पर बिखरे पत्थरों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार मांग के बावजूद काम शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में विभाग के प्रति रोष है। ग्रामीण जोगिंद्र सिंह, जगमाल सिंह, सुरेश कुमार, यशपाल सिंह, रिंकू कुमार, अजायब सिंह, निर्मल सिंह और जसवंत सिंह ने बताया कि गांव की पुरानी सड़क काफी जर्जर थी। इसे देखते हुए विभाग ने नई सड़क बनाने का काम शुरू किया था।

सड़क पर पत्थर बिछाने के बाद काम अधूरा छोड़ दिया गया। इससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार वे कई बार विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से मिल चुके हैं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन मिले। वे इस समस्या को लेकर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा से भी मिले थे।

मंत्री ने अधिकारियों को फोन कर सड़क निर्माण के निर्देश दिए थे, इसके बावजूद काम शुरू नहीं हुआ। इस बारे में पीडब्ल्यूडी एसडीओ कमल कुमार ने बताया कि अलीपुरा में अधूरे पड़े सड़क निर्माण का काम सोमवार से शुरू करवा दिया जाएगा। जल्द ही सड़क बनाकर तैयार कर दी जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X