Hamirpur (himachal) News:मांगलिक कार्यों पर लगा विराम खत्म, कल से बजेंगी शहनाइयां – The Hiatus On Auspicious Ceremonies Has Come To An End; Wedding Festivities Will Begin Tomorrow
सुजानपुर(हमीरपुर)। करीब सवा महीने से मांगलिक कार्यों पर लगा विराम दो नवंबर से खत्म हो जाएगा। इसके साथ ही विवाह, सगाई और अन्य शुभ आयोजनों का सिलसिला शुरू होगा। लोग वाहन, आभूषण और संपत्ति की खरीदारी जैसे शुभ कार्य भी कर सकेंगे।
ज्योतिषीय गणना के अनुसार 12 दिसंबर तक विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों के लिए शुभ मुहूर्त रहेंगे। 26 सितंबर से पितृ पक्ष शुरू होने के कारण मांगलिक कार्यों पर विराम लग गया था। इसके बाद 12 अक्तूबर को शुक्र अस्त होने से शारदीय नवरात्रों में भी विवाह और अन्य बड़े आयोजन नहीं हो सके।
28 अक्तूबर को शुक्र का उदय होने के बावजूद ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार उदय से तीन दिन पहले और तीन दिन बाद तक शुभ कार्य वर्जित माने जाते हैं। ऐसे में पहली नवंबर तक मांगलिक आयोजन नहीं हो सकेंगे।
सुजानपुर के राजपुरोहित आशुतोष शर्मा ने बताया कि इस बार श्राद्ध पक्ष और शुक्र अस्त होने के कारण लोगों को मांगलिक कार्यों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। श्राद्ध पक्ष समाप्त होने के बाद भी शुक्र अस्त होने से विवाह और अन्य बड़े आयोजनों के मुहूर्त उपलब्ध नहीं थे।
अब दो नवंबर से विवाह, सगाई सहित अन्य मांगलिक आयोजनों के शुभ मुहूर्त शुरू होंगे, जो 12 दिसंबर तक जारी रहेंगे।
