Almora News:दुग्ध संघ अल्मोड़ा की प्रबंध समिति भंग, सीडीओ को बनाया प्रशासक – Almora Milk Union’s Management Committee Dissolved; Cdo Appointed As Administrator
अल्मोड़ा। दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड अल्मोड़ा की प्रबंध समिति को अल्पमत में आने के कारण भंग कर दिया गया है। समिति के पुनर्गठन होने तक संघ के कार्यों के संचालन की जिम्मेदारी मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अल्मोड़ा को सौंपी गई है। दुग्ध सहकारी समितियों के निदेशक एवं निबंधक इला गिरी ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार दुग्ध संघ अल्मोड़ा की वर्तमान प्रबंध समिति में कुल नौ निर्वाचित सदस्य थे। इनमें से छह सदस्य विभिन्न वैधानिक एवं उपविधिक कारणों से अनर्ह पाए गए हैं। इसके चलते समिति में केवल तीन अर्ह सदस्य ही शेष रह गए थे। नियमानुसार प्रबंध समिति में अर्ह निर्वाचित सदस्यों की संख्या कुल निर्वाचित सदस्यों की आधी से कम होने पर समिति अल्पमत में मानी जाती है। अनर्ह घोषित किए गए सदस्यों में नीमा देवी (दुधौली), ख्यालीदत्त पंत (सिरमोली), सुनीता देवी (चन्द्रकोट), ब्रह्मानंद डालाकोटी (डालाकोट), मोहनी देवी (दुदिला) और चंद्रशेखर जोशी (छतगुल्ला) शामिल हैं।
इनमें कुछ प्राथमिक दुग्ध समितियों में प्रशासक नियुक्त होने, समितियों का कार्यकाल पूरा होने तथा निर्धारित दुग्ध आपूर्ति के मानक पूरे नहीं होने के कारण अनर्ह हुए हैं। वहीं ब्रह्मानन्द डालाकोटी की पत्नी के दुग्ध संघ में नियमित कर्मचारी होने का मामला भी सामने आया। इस प्रकरण में प्रधान प्रबंधक एवं सचिव दुग्ध संघ अल्मोड़ा ने अगस्त 2026 में प्रबंध समिति को भंग कर प्रशासक नियुक्त करने की संस्तुति की थी। इसके बाद सहायक निदेशक डेरी विकास अल्मोड़ा और बागेश्वर से आख्या मांगी गई। मामले में नैसर्गिक न्याय के तहत संबंधित सदस्यों को सुनवाई का अवसर भी दिया गया। वहीं इस प्रकरण में उच्च न्यायालय नैनीताल में याचिका भी दायर की गई थी। जांच एवं उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर निदेशालय डेरी विकास ने प्रबंध समिति को अल्पमत में पाया। इसके बाद उत्तराखंड सहकारी समिति अधिनियम 2003 की धारा 29(5)(ख) के तहत कार्रवाई करते हुए समिति के पुनर्गठन तक मुख्य विकास अधिकारी अल्मोड़ा को प्रशासक नियुक्त कर दिया गया है।
