Almora News:पीआरडी जवानों ने विकास भवन में की तालाबंदी, लाठीचार्ज पर जताया आक्रोश – Prd Personnel Locked Down Vikas Bhawan, Expressing Outrage Over A Lathi-charge
अल्मोड़ा। देहरादून में मांगों के लिए प्रदर्शन कर रहे पीआरडी जवानों पर लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को अल्मोड़ा में भी जवानों ने मोर्चा खोल दिया। नाराज जवानों ने विकास भवन में प्रदर्शन कर जिला युवा कल्याण कार्यालय में तालाबंदी की। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर लाठीचार्ज की निंदा की।
जवानों ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे जवानों पर लाठीचार्ज करना गलत है। उन्होंने घटना के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही होमगार्ड की तरह वेतन और सालभर रोजगार देने की मांग दोहराई। कहा कि साल में कुछ महीने ही काम मिलने से परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद समाधान नहीं हुआ है। चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने और दोषियों पर कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में नवल बिष्ट, भागवत सिंह, राजेंद्र कनवाल, कमल भाकुनी, मोहन लाल, माधव सिंह, प्रेम सिंह, अमित कुमार, हरीश सिंह, आनंद सिंह आदि मौजूद रहे।
पीआरडी जवानों ने निकाली आक्रोश रैली
बागेश्वर। पीआरडी जवानों ने सोमवार को अपनी मांगों के लिए नुमाइशखेत मैदान से डीएम कार्यालय तक आक्रोश रैली निकाली। प्रदर्शन के दौरान जवानों ने युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय में तालाबंदी की और डीएम के माध्यम से युवा कल्याण और पीआरडी मंत्री रेखा आर्या को ज्ञापन भेजा।
प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन के जिलाध्यक्ष राजेंद्र भोटिया के नेतृत्व में जुटे जवानों ने ज्ञापन में कहा कि संगठन की ओर से 18 मार्च 2026 से प्रगति विहार देहरादून में 365 दिन का रोजगार और समान कार्य समान वेतन के लिए धरना दिया जा रहा है। आरोप लगाया कि वार्ता के दौरान दिए गए आश्वासन के बावजूद अब तक इन दोनों मांगों पर प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत नहीं किया गया है, जिससे स्वयंसेवकों में रोष है। उन्होंने दोनों मांगों से जुड़ा प्रस्ताव आगामी कैबिनेट में लाने की मांग की। इस दौरान जिला सचिव रंजना देवी आदि मौजूद रहीं।
