Ambala News:चार ट्रेनों के नंबर बदले, नए नंबरों से जारी रहेगी निरस्तीकरण की सूचना – Numbers Of Four Trains Have Been Changed, Cancellation Information Will Continue With The New Numbers
काठगोदाम-जम्मूतवी और कानपुर सेंट्रल-काठगोदाम एक्सप्रेस ट्रेनों के नंबरों में किया बदलाव
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। उत्तर रेलवे ने आगामी कोहरे के मौसम के मद्देनजर चार साप्ताहिक मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के नंबरों में बदलाव किया है। ये ट्रेनें पहले ही रद्द घोषित थीं, अब परिवर्तित नंबरों के साथ जनवरी से मार्च 2027 के बीच निर्धारित तिथियों पर निरस्त रहेंगी।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि तकनीकी कारणों से काठगोदाम-जम्मूतवी और कानपुर सेंट्रल-काठगोदाम के बीच चलने वाली इन चार ट्रेनों के नंबर बदले गए हैं। उत्तर रेलवे ने 1 दिसंबर से 28 फरवरी 2027 तक कोहरे के कारण ट्रेनों के निरस्तीकरण की सूची पहले ही जारी की थी। वडोदरा हाउस स्थित उत्तर रेलवे मुख्यालय ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
इन आदेशों के अनुसार, ट्रेनों को अब नए नंबरों के साथ रद्द रखा जाएगा। रेलवे मुख्यालय ने संबंधित मंडलों को व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। अंबाला, मुरादाबाद, फिरोजपुर, लखनऊ और जम्मूतवी मंडलों के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधकों को सूचित किया गया है। उन्हें स्टेशन नोटिस बोर्ड, पूछताछ केंद्रों और उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से जानकारी देने को कहा गया है ताकि यात्रियों को असुविधा न हो।
परिवर्तित ट्रेनों के नए नंबर और रद्द रहने की तिथियां
ट्रेन संख्या 12207 काठगोदाम-जम्मूतवी साप्ताहिक एक्सप्रेस का नया नंबर 14695 कर दिया गया है। यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार चलती है और 12 जनवरी 2027 से 2 मार्च तक रद्द रहेगी। इसी प्रकार, 12208 जम्मूतवी-काठगोदाम साप्ताहिक एक्सप्रेस का नया नंबर 14696 है। यह ट्रेन प्रत्येक रविवार चलती है और 10 जनवरी 2027 से 28 फरवरी तक निरस्त रहेगी।
अन्य प्रभावित ट्रेनों का विवरण
ट्रेन संख्या 12209 कानपुर सेंट्रल-काठगोदाम लिंक एक्सप्रेस का नया नंबर 14697 होगा। वहीं, 12210 काठगोदाम-कानपुर सेंट्रल लिंक एक्सप्रेस को नया नंबर 14698 आवंटित किया गया है। यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार चलती है और 11 जनवरी 2027 से 1 मार्च तक निरस्त रहेगी।
