Ambala News:डेरा सिरसगढ़ से हटी पुलिस सुरक्षा, संत मनदीप दास ने जताया जान का खतरा – Police Security Withdrawn From Dera Sirsagarh; Saint Mandeep Das Expresses Fear For His Life
बराड़ा। अंबाला-यमुनानगर मार्ग स्थित श्री गुरु रविदास धर्म अस्थान सिरसगढ़ से हरियाणा सरकार की ओर से दी गई पुलिस गार्द वापस ले ली गई है। सुरक्षा हटने के बाद डेरे के संत मनदीप दास ने अपनी जान को गंभीर खतरा बताते हुए सरकार से सुरक्षा व्यवस्था तत्काल बहाल करने की मांग की है।
संत मनदीप दास ने कहा कि वे देश-विदेश में रविदासिया धर्म का प्रचार-प्रसार करते हैं, जिसके चलते वे हमेशा असामाजिक तत्वों के निशाने पर रहते हैं। सुरक्षा हटने से न केवल डेरे में असुरक्षा का माहौल है, बल्कि बाहर धार्मिक कार्यक्रमों में जाना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने याद दिलाया कि 31 जुलाई 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने डेरे के वार्षिक समागम में मंच से पांच पुलिसकर्मियों की गार्द तैनात करने की घोषणा की थी। अब केवल पंजाब पुलिस के 2 जवान तैनात हैं।
कपूरथला जेल के गैंगस्टर से जुड़े थे रेकी के तार
संत ने बताया कि संतों पर खतरे का यह सिलसिला 2009 में वियना (आस्ट्रिया) में संत रामानंद महाराज की हत्या के बाद शुरू हुआ था। इसके बाद जब वे संत निरंजन दास के साथ विदेश दौरे पर गए, तो आस्ट्रिया, स्पेन और फ्रांस में उनकी रेकी की गई। उस दौरान पकड़े गए एक संदिग्ध ने कबूल किया था कि वह कपूरथला जेल में बंद एक गैंगस्टर को उनकी पल-पल की जानकारी दे रहा था और संत मनदीप दास भी निशाने पर थे। पूर्व में पंजाब और हरियाणा सरकार की ओर से संत की सुरक्षा में 14 जवान (9 हरियाणा और 5 पंजाब पुलिस) व पायलट गाड़ी तक तैनात रही। लेकिन पहले पंजाब सरकार ने सुरक्षा घटाकर केवल दो जवानों तक सीमित कर दी और अब हरियाणा पुलिस की पूरी गार्द भी हटा ली गई है।
