Ambedkar Nagar News:न्यायालय के आदेशिका वाहक को बंधक बनाकर पीटा – Court Process Server Held Hostage And Beaten
अंबेडकरनगर। मालीपुर क्षेत्र के सहजीतपुर में न्यायालय का नोटिस तामील कराने गए आदेशिका वाहक को बंधक बनाकर पीटने का मामला सामने आया है। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जलालपुर के रसूलपुर निवासी विश्वदीपक त्रिपाठी जनपद न्यायालय में आदेशिका वाहक हैं। उनके मुताबिक, 11 नवंबर की शाम करीब पांच बजे वह पारिवारिक न्यायालय सुल्तानपुर में विचाराधीन वैवाहिक वाद का नोटिस तामील कराने सहजीतपुर निवासी संजू के घर गए थे। उनके साथ मित्र अरविंद कुमार भी थे। संजू और उसकी मां ने पिता की अनुमति के बिना नोटिस लेने से इन्कार कर दिया। इसके बाद फोन पर संजू के पिता दशरथ से बात कराई गई।
आरोप है कि दशरथ ने विश्वदीपक को मालीपुर चौराहे स्थित अपनी इलेक्ट्रिक दुकान पर बुलाया। वहां चार-पांच लोग मौजूद थे। चंद्रशेखर यादव ने उनके साथ अभद्रता की, जबकि दो अन्य लोगों ने मारपीट की। आरोपियों ने उनका मोबाइल और वाहन की चाबी छीनकर बंधक बना लिया। इस दौरान गाली-गलौज करने के साथ न्यायालय के प्रति भी अभद्र टिप्पणी की गई। ग्रामसभा में दोबारा दिखने पर गोली मारने की धमकी भी दी गई।
मौके पर पहुंचे कुछ लोगों ने उन्हें मुक्त कराया। ग्रामीणों के दबाव के बाद मोबाइल और वाहन की चाबी वापस मिली। एएसपी डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
