रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
आज़मगढ़

Azamgarh News:सेहदा वन ब्लॉक बनेगा आकर्षक पार्क, अवैध कटान पर रोक के निर्देश – Sehda Forest Block To Be Developed Into An Attractive Park; Directives Issued To Halt Illegal Felling Of Trees

November 29, 2026


प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी दीक्षा भंडारी (आईएफएस) ने शनिवार को सेहदा वन विश्राम गृह में क्षेत्रीय वन अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें वृक्षारोपण, पौधों की जीवितता, वन संरक्षण और जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की गई।

उन्होंने अधिकारियों को अवैध कटान और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। कहा कि वन क्षेत्रों में नियमित निगरानी और पेट्रोलिंग की जाए। वृक्षारोपण के तहत लगाए गए पौधों की शत-प्रतिशत जीवितता सुनिश्चित करने के लिए सिंचाई, देखभाल और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की जाए। नर्सरी में गुणवत्तापूर्ण पौध तैयार करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने क्षेत्रीय वन अधिकारियों को रेंज मुख्यालय और अपने कार्यक्षेत्र में रहकर नियमित स्थलीय निरीक्षण करने का निर्देश दिया। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय में स्थलीय सत्यापन कर गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में सेहदा वन ब्लॉक को विकसित कर जनसामान्य के लिए आकर्षक और उपयोगी पार्क बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। प्रभागीय निदेशक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को लक्ष्यों को धरातल पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में क्षेत्रीय वन अधिकारी और विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X