रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमरोहा

Amroha News:आंगनबाड़ी सहायिका के 155 पदों पर भर्ती, 27 से करें ऑनलाइन आवेदन – Recruitment For 155 Anganwadi Helper Positions; Apply Online Starting From The 27th

November 27, 2026


अमरोहा। जिले की सात बाल विकास परियोजनाओं में आंगनबाड़ी सहायिका के 155 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग इन पदों पर मानदेय के आधार पर सीधी भर्ती करेगा। ऑनलाइन आवेदन 27 नवंबर से शुरू होंगे। इच्छुक महिला अभ्यर्थी 17 दिसंबर की मध्यरात्रि 12 बजे तक आवेदन कर सकेंगी।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ज्ञान प्रकाश तिवारी ने बताया कि अमरोहा शहर में 27, अमरोहा देहात में 23, धनौरा में 20, गजरौला में 26, गंगेश्वरी में 19, हसनपुर में 13 और जोया परियोजना में 27 पद रिक्त हैं। नियुक्तियां शासनादेश के अनुसार होंगी। भर्ती में केवल महिला अभ्यर्थी पात्र होंगी। न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट या समकक्ष है। इंटरमीडिएट, स्नातक और परास्नातक के अंकों के आधार पर मेरिट बनेगी।

एक जुलाई 2026 को आवेदिका की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। संबंधित ग्राम सभा या शहरी क्षेत्र के वार्ड की निवासी होना अनिवार्य है। ग्राम सभा में पात्र अभ्यर्थी नहीं मिलने पर संबंधित न्याय पंचायत की स्थायी निवासी महिला पर विचार होगा। चयन में गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाली विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

——————————–

इस वेबसाइट पर करना होगा आवेदन

आवेदिकाओं को विभाग की वेबसाइट http://upanganwadibharti.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ शैक्षिक, आय, जाति और निवास संबंधी प्रमाणपत्र अपलोड करने होंगे। प्रमाणपत्र डिजिटल हस्ताक्षर से जारी और ऑनलाइन सत्यापन योग्य होने चाहिए। आवेदन में गलत जानकारी या अभिलेख अपलोड करने पर अभ्यर्थन निरस्त कर दिया जाएगा। ऑफलाइन माध्यम से त्रुटि सुधार या अभिलेख स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X