Auraiya News:अध्यक्ष के लिए छह, महामंत्री पद के लिए पांच मैदान में – Six In The Fray For President, Five For General Secretary
औरैया। न्यायालय में अधिवक्ताओं के वार्षिक चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। बृहस्पतिवार को नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर एल्डर्स कमेटी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किए। अध्यक्ष पद के लिए छह और महामंत्री पद पर पांच दावेदारों के मैदान में उतरने से मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।
चुनाव प्रक्रिया के तहत महामंत्री पद के लिए अतेंद्र पांडेय विमल ने समर्थकों के साथ जाकर अपना नामांकन पत्र सौंपा। इसके अलावा अध्यक्ष पद के लिए छह प्रत्याशियों ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए पर्चे भरे, जबकि कुछ अन्य पदों पर निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति भी बन गई है। महामंत्री पद के प्रत्याशी अतेंद्र पांडेय ने बताया कि बार के 23 पदों पर पदाधिकारियों के चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। इस बार गाइडलाइन का पालन करते हुए एल्डर्स कमेटी ने कार्यकारिणी में 30 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की है। एल्डर्स कमेटी की निगरानी में आगामी 26 नवंबर को मतदान संपन्न कराया जाएगा।
