मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
औरैया

Auraiya News:कानपुर-आनंद विहार एक्सप्रेस का फफूंद स्टेशन में ठहराव शुरू – Kanpur-anand Vihar Express Begins Halting At Phaphund Station

November 17, 2026


दिबियापुर। फफूंद रेलवे स्टेशन पर सोमवार से नई ट्रेन संख्या 14153-14154 कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हो गया। पहले दिन फफूंद स्टेशन से 50 से अधिक यात्रियों ने दिल्ली के लिए सफर किया।

ट्रेन के पहली बार स्टेशन पहुंचने पर लोगों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों से स्वागत किया। सोमवार शाम करीब 4:30 बजे यह ट्रेन फफूंद स्टेशन पहुंची। कानपुर नगर के भाजपा सांसद रमेश अवस्थी ने पूर्व कृषि राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत और नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्रा की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।

सांसद अवस्थी ने कहा कि इस ठहराव से कानपुर-दिल्ली रूट पर यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। यह ट्रेन 19 नवंबर से दैनिक है। कानपुर सेंट्रल से रात 20:40 बजे चलकर फफूंद 21:45 बजे पहुंचेगी, जबकि वापसी में सुबह 05:08 बजे मिलेगी। यह ठहराव दिबियापुर, फफूंद, अछल्दा, बेला और आसपास के ग्रामीण इलाकों के यात्रियों को कानपुर और दिल्ली आने-जाने में सीधी सुविधा देगा।

लाखन सिंह राजपूत ने कोरोना काल में बंद पड़ी ट्रेनों के ठहराव की मांग की। उन्होंने कानपुर शताब्दी एक्सप्रेस के ठहराव के लिए भी सांसद से आग्रह किया। सामाजिक कार्यकर्ता श्रीकृष्ण पिछड़ा ने भी फफूंद स्टेशन पर विभिन्न ट्रेन रोकने की मांग उठाई। कानपुर सांसद ने रेल मंत्री से कानपुर शताब्दी सहित अन्य ट्रेनों के ठहराव के लिए पहल करने का आश्वासन दिया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X