Auraiya News:स्कॉर्पियो में तोड़फोड़-मारपीट में कोर्ट का प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश – Court Orders Registration Of An Fir In Connection With The Vandalism And Assault Involving A Scorpio Vehicle
औरैया। वाहन ओवरटेक करने और रास्ते में रोकने के विवाद ने गंभीर मोड़ ले लिया है। विशेष न्यायाधीश महेश कुमार की अदालत ने कोतवाली प्रभारी को तत्काल मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू करने का आदेश दिया है। अदालत ने एफआईआर की प्रति 48 घंटे के भीतर न्यायालय में भेजने को भी कहा है।
शहर के मोहल्ला सत्तेश्वर आदित्य अवस्थी ने न्यायालय में प्रार्थना-पत्र दिया। बताया कि 26 सितंबर को उरई से लौटते समय बीबीएस स्कूल जालौन रोड के पास उनकी स्कॉर्पियो को एक सफेद कार चालक ने रोका। जालौन चौराहे पर गाड़ी रोकने पर कार चालक और दो अज्ञात महिलाएं आईं। आरोप है कि बेवजह उन्होंने आदित्य के साथ गाली-गलौच और मारपीट की। एक महिला ने आदित्य का गला दबाकर हत्या का प्रयास किया, जबकि चालक ने लोहे की रॉड से हमला किया। राहगीरों ने किसी तरह आदित्य की जान बचाई। आरोप है कि महिला ने स्कॉर्पियो के शीशे तोड़े और डैशबोर्ड से दो लाख रुपये व गले से दो तोले सोने की चेन निकाल ली।
आदित्य ने घटना के तुरंत बाद कोतवाली में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने जांच की बात कहकर उन्हें लौटा दिया। 29 सितंबर को पुलिस अधीक्षक को भी रजिस्टर्ड डाक से शिकायती पत्र भेजा गया, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। आदित्य की ओर से घटना का वीडियो कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने स्पष्ट किया कि वीडियो फुटेज से रुपये और सोने की चेन छीने जाने की पुष्टि नहीं होती, लेकिन गाड़ी में तोड़फोड़ की पुष्टि प्रथमदृष्ट्या हो गई है।
कानपुर देहात की कुमकुम देवी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आदित्य के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में जांच की थी। पुलिस ने 13 अक्तूबर को न्यायालय में आरोप-पत्र भी दाखिल कर दिया था। दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने आदित्य की तहरीर पर भी मुकदमा दर्ज करने का आदेश कोतवाली पुलिस को दिया है।
