Azamgarh News:लक्ष्मी-गणेश प्रतिमाओं का कारोबार 10 करोड़ के पार – Business Of Lakshmi-ganesh Idols Crosses Rs 10 Crore
दीपावली नजदीक आते ही निजामाबाद के हस्तशिल्प कलाकारों की कारीगरी की चमक बाजारों में दिखाई देने लगी है। मिट्टी से तैयार लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं की मांग इस बार पिछले साल के मुकाबले बढ़ी है।
देश के विभिन्न शहरों से मिल रहे ऑर्डर के चलते कारोबार ने रफ्तार पकड़ ली है। कलाकारों के मुताबिक, इस वर्ष प्रतिमाओं का कारोबार 10 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है। बढ़ते ऑर्डर से शिल्पकार खुश हैं, हालांकि रंगों की महंगाई और ट्रांसपोर्ट की पर्याप्त व्यवस्था न होना चुनौती बनी हुई है।
कस्बे की पहचान विश्व प्रसिद्ध ब्लैक पॉटरी के साथ मिट्टी की पारंपरिक कलाकृतियों से भी है। यहां के कलाकार लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं को पारंपरिक कारीगरी और आधुनिक रंग-रूप देकर तैयार करते हैं।
दीपावली पर इनकी मांग मुंबई, पुणे, गाजीपुर, बलिया, मऊ, जौनपुर, अंबेडकरनगर और गोरखपुर समेत कई जिलों और महानगरों में है। दूर-दराज के व्यापारी पहले से ऑर्डर दे रहे हैं, जिससे उत्पादन और बिक्री में तेजी आई है।
हस्तशिल्प कलाकार मनीष प्रजापति, विनोद प्रजापति, गुड्डू प्रजापति, ओमप्रकाश प्रजापति, रानू प्रजापति और कृष्ण मोहन प्रजापति बताते हैं कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में अच्छे ऑर्डर मिल रहे हैं। प्रतिमाओं में इस्तेमाल होने वाले रंगों की कीमतें भी बढ़ी हैं।
लाल, पीला, हरा, गुलाबी और नारंगी समेत अन्य रंगों के 500 ग्राम के पैकेट की कीमत पहले 300 रुपये थी, जो अब बढ़कर 400 रुपये हो गई है। वहीं, गोल्डन रंग के एक पैकेट पर भी 150 रुपये अधिक खर्च करने पड़ रहे हैं। इससे उत्पादन लागत बढ़ी है, लेकिन बाजार में मांग बनी हुई है।
ट्रांसपोर्ट की सुविधा मिले तो और बढ़ेगा कारोबार
शिल्पकारों का कहना है कि निजामाबाद की मिट्टी की कलाकृतियों को देशभर में पसंद किया जा रहा है, लेकिन तैयार प्रतिमाओं को दूसरे शहरों तक भेजने के लिए बेहतर ट्रांसपोर्ट व्यवस्था नहीं है। इससे माल की ढुलाई में परेशानी होती है और कारोबार के विस्तार में बाधा आती है। यदि कस्बे में व्यवस्थित परिवहन और माल भेजने की सुविधा उपलब्ध करा दी जाए तो हस्तशिल्प कारोबार को और ऊंचाई मिल सकती है।
ओडीओपी से मिली पहचान, कॉमन फैसिलिटी सेंटर से सहयोग
निजामाबाद की मिट्टी की कलाकृति को मुख्यमंत्री की ओर से एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत चयनित किया गया है। कस्बे में स्थापित कॉमन फैसिलिटी सेंटर से भी शिल्पकारों को सहयोग मिल रहा है। कलाकारों का कहना है कि सरकारी योजनाओं और बढ़ते बाजार ने पारंपरिक हस्तशिल्प को नई पहचान दी है। अब बेहतर विपणन और परिवहन व्यवस्था की जरूरत है, ताकि निजामाबाद की यह कला देश के अधिक से अधिक बाजारों तक पहुंच सके।
