रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बागपत

Baghpat News:किसानों ने किया हंगामा तो 12,550 क्विंटल गन्ने का इंडेंट किया जारी – Farmer News

November 28, 2026


बागपत। सहकारी चीनी मिल बागपत में टरबाइन फटने के बाद बंद पड़ी गन्ने की तौल करने की मांग को लेकर किसानों और भाकियू कार्यकर्ताओं ने जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पर धरना दिया। जिला गन्ना अधिकारी अशर्फी लाल का घेराव करते हुए इंडेंट जारी करने की मांग की। किसानों के आक्रोश को देखते हुए 12,550 क्विंटल गन्ने का इंडेंट जारी कर दिया। साथ ही जल्द मिल गेट का गन्ना भी अन्य मिलों को आवंटित करने का आश्वासन दिया।

बागपत सहकारी चीनी मिल से 65 गांवों के 23 हजार किसान जुड़े हैं। मिल में 40 लाख 19 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई होती है। बुधवार की सुबह साढ़े चार बजे टरबाइन फटने के कारण गन्ने की पेराई बंद होने के बाद क्रय केंद्रों का अन्य मिलों को गन्ना आवंटित कर दिया था। दो दिन भी गन्ना क्रय केंद्रों पर तौल नहीं होने के विरोध में शनिवार को भाकियू कार्यकर्ताओं व किसानों ने पहुंचकर धरना दिया और मिल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

भाकियू के प्रवक्ता हिम्मत सिंह ने कहा कि मिल अधिकारियों के भ्रष्टाचार के कारण टरबाइन फटी है। मिल द्वारा किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। क्रय केंद्रों का छह मिलों को गन्ना आवंटन करने के बाद भी क्रय केंद्रों पर तौल शुरू नहीं हुई है, जिससे किसानों का गन्ना खेतों में खड़ा हुआ है। गन्ने की कटाई नहीं होने के कारण गेहूं की बुवाई तक किसान नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने जिला गन्ना अधिकारी अशर्फी लाल का घेराव कर नारेबाजी करनी शुरू की और काफी देर तक नोकझोंक हुई।

किसानों के हंगामे के बाद जिला गन्ना अधिकारी ने 26 क्रय केंद्रों के लिए 12,550 क्विंटल गन्ने का इंडेंट जारी कर दिया है, जिसके बाद किसान शांत हुए। डीसीओ ने कहा कि रविवार से क्रय केंद्रों पर गन्ने की तौल शुरू हो जाएगी। इस दौरान सचिन चौहान, करण सिंह, धर्मेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, सचिन चौहान, सुशील कुमार और नेपाल सिंह आदि मौजूद रहे।

अलीगढ़ से आई टरबाइन, इंस्टॉल करने में लगे इंजीनियर

बागपत। बागपत सहकारी चीनी मिल में एक करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी टरबाइन फट गई थी और तीन दिन से मिल में तौल बंद पड़ी है। इसके बाद शनिवार को अलीगढ़ से टरबाइन मिल में पहुंच गई है। टरबाइन को इंस्टॉल करने के लिए इंजीनियर लगे हुए हैं और टरबाइन को चालू करने में अभी एक सप्ताह का समय लगेगा, क्योंकि टरबाइन को इंस्टॉल करने के बाद इसको चलाकर देखा जाएगा ताकि पेराई शुरू होने के बाद किसी भी तरह की दिक्कत न आए।

मिल गेट का भी गन्ना होगा आवंटित

जिला गन्ना अधिकारी अशर्फी लाल ने बताया कि अभी क्रय केंद्रों का गन्ना आवंटित किया गया है। मिल गेट का गन्ना आवंटित करने के लिए जल्द ही पत्र गन्ना आयुक्त को लिखा जाएगा। वहां से अनुमति मिलने के बाद मिल गेट का भी इंडेंट अन्य मिलों को आवंटित कर दिया जाएगा।

क्रय केंद्रों पर रविवार से शुरू होगी तौल : प्रदीप ठाकुर

बागपत। सहकारी गन्ना समिति कार्यालय में शनिवार को किसानों ने सहकारी विकास समिति के चेयरमैन प्रदीप ठाकुर से वार्ता की। उन्होंने किसानों की समस्या को सुना। उन्होंने कहा कि छह मिलों को गन्ना आवंटित करने के बाद भी तौल शुरू नहीं हुई, जिससे किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। समिति के चेयरमैन ने किसानों के साथ जिला गन्ना अधिकारी से वार्ता की और गन्ना इंडेंट जारी करवाया। उन्होंने बताया कि रविवार की सुबह 11 बजे से क्रय केंद्रों पर तौल शुरू हो जाएगी। कहा कि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने देंगे और समय से उनकी समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X