रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बागपत

Baghpat News:प्रसव के लिए सीएचसी में आई महिला की मौत, परिजनों का हंगामा – Health News

November 28, 2026


बागपत। सीएचसी बागपत में बृहस्पतिवार रात प्रसव से पहले केतीपुरा मोहल्ले की नई बस्ती निवासी गर्भवती आसिफा (30) की मौत हो गई। इस पर परिजन भड़क गए और उन्होंने चिकित्सकों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। करीब एक घंटे तक सीएचसी में हंगामा चलता रहा। वहां आए पुलिसकर्मियों ने मृतका के परिजनों को शांत कराया। मृतका के परिजनों ने सीएचसी अधीक्षक से शिकायत करते हुए लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग की।

केतीपुरा मोहल्ले की नई बस्ती निवासी सलमान ने बताया कि उसकी पत्नी आसिफा नौ माह की गर्भवती थी, जिसकी सभी जांच बागपत सीएचसी में कराई गई थी। बृहस्पतिवार दोपहर प्रसव पीड़ा होने पर परिवार वाले आसिफा को लेकर सीएचसी पहुंचे। दोपहर करीब दो बजे आसिफा को सीएचसी में भर्ती करा दिया। आरोप लगाया कि आसिफा की परेशानी बढ़ती गई और बार-बार कहने के बाद भी चिकित्सकों ने उपचार नहीं किया।

आरोप लगाया कि रात 10 बजे आसिफा की हालत बिगड़ने से मौत हो गई। उनको प्रसव भी नहीं कराया जा सका। गर्भवती की मौत होने का पता चलते ही सीएचसी में लोगों की भीड़ लग गई और हंगामा करने लगे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत ने उन्हें शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने शांत कराया।

हंगामा होने पर कक्ष खाली हुआ

सीएचसी में गर्भवती की मौत होने पर वहां हंगामा हो गया। इसके बाद कक्ष में भर्ती जच्चा-बच्चा समेत अन्य महिलाओं को दूसरे कक्षों में शिफ्ट किया गया। बाद में परिजन शव लेकर घर चले गए। इसके बाद हंगामा शांत हुआ। आसिफा के परिवार में चार बेटियां हैं।

वर्जन

प्रसव के लिए आई महिला पहले से बीमार थी। सीएचसी में दवा लेने के बाद महिला ने खाना भी खाया, जब तक उसकी हालत ठीक थी। प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया कि उसको दौरा पड़ा और वह गिर गई, जिससे मौत होना सामने आया है। महिला के परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

-डॉ. विभाष राजपूत, अधीक्षक, सीएचसी बागपत

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X