Baghpat News:त्योहारों की नहीं उतरी खुमारी, गायब रहे अफसर व कर्मचारी – Festive Hangover Persists; Officers And Staff Remain Absent
बागपत। त्योहारों के बाद मंगलवार को छुट्टियां खत्म हुईं मगर सरकारी अफसरों व कर्मचारियों की खुमारी नहीं उतरी और वह कार्यालयों में नहीं पहुंचे। विकास भवन में सरकारी दफ्तरों के दरवाजे को चपरासियों ने खोल जरूर दिया, लेकिन वह दिनभर खाली पड़े रहे। प्रभारी सीडीओ राहुल वर्मा ने विकास भवन की इस स्थिति को देखते हुए सभी के उपस्थिति रजिस्टर जब्त कर लिए, जिससे कोई छुट्टियों के बाद आकर उनमें उपस्थिति दर्ज न कर सके।
विकास भवन में मंगलवार को सहकारिता निबंधक एवं सहकारिता विभाग, जिला समाज कल्याण, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण, जिला पंचायत राज विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी, जिला प्रोबेशन विभाग समेत अन्य विभागों कार्यालय में अधिकारी व कर्मचारी नाम मात्र के नजर आए। सुबह साढ़े 11 बजे तक कार्यालय में कोई अधिकारी व कर्मचारी नहीं पहुंचा था। उसके बाद ही इक्का-दुक्का कर्मचारी आए। जिला समाज कल्याण विभाग के अफसरों व कर्मियों की छुट्टी पर निदेशालय ने रोक लगा रखी थी, लेकिन इसके बाद भी अफसर व कई कर्मचारी गायब नजर आए।
इस तरह रही कार्यालयों की स्थिति
जिला प्रोबेशन विभाग के कार्यालय में एक भी कर्मचारी नहीं आया था। इसका चार्ज डीआरडीए के परियोजना निदेशक व कार्यवाहक सीडीओ राहुल वर्मा के पास था तो वह मौजूद थे। इसके बाद भी कर्मचारियों ने आने की जरूरत नहीं समझी। जिला पंचायतीराज विभाग के कार्यालय में पांच कर्मचारियों में केवल एक ही मौजूद था। जिला अर्थ एवं सांख्यिकी कार्यालय भी खाली पड़ा था, जहां पांच में केवल एक कर्मचारी मौजूद रहा।
– सहायक निबंधक कार्यालय भी खाली रहा
सहायक निबंधक एवं सहकारिता आयुक्त कार्यालय में पांच कर्मचारियों में केवल एक कर्मचारी मौजूद था। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग में आठ कर्मचारियों में केवल तीन आए थे। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी व दो कर्मचारी कार्यालय से गायब थे। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी व एक कर्मचारी गायब थे। जिला कार्यक्रम कार्यालय में भी कर्मचारी नहीं आए थे।
वर्जन
– विकास भवन में कई विभागों के रजिस्टर जब्त किए गए हैं। कार्यालय से बिना बताए अनुपस्थित रहने वाले अफसरों व कर्मियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है और जवाब नहीं देने पर वेतन रोका जाएगा। इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। – राहुल वर्मा, प्रभारी सीडीओ
