बलरामपुर। नगर के एक होटल में गंज मुरादाबाद स्थित सरकार फजले रहमा आस्ताने के पीरजादे शकेबउर्रहमान उर्फ भय्यू मियां की रस्म-ए-दस्तारबंदी का आयोजन किया गया। इसमें देशभर की विभिन्न खानकाहों के गद्दीनशीन, सज्जादानशीन और धर्मगुरुओं ने शिरकत की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अजमेर शरीफ आस्ताने के गद्दीनशीन सैयद हम्मादुल मियां चिश्ती रहे, जबकि अध्यक्षता सरकार फजले रहमा आस्ताने के गद्दीनशीन साहिबे सज्जादा हुजूर मारूफ मियां ने की।
मुख्य अतिथि सैयद हम्मादुल मियां चिश्ती ने कहा कि समाज की तरक्की और बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा बेहद जरूरी है। बच्चों को दीनी तालीम के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा भी दिलानी चाहिए। शिक्षक मौलाना नईमुद्दीन ने कहा कि शिक्षा इंसान को सही और गलत की पहचान कराती है। उन्होंने मुबारकपुर अरबी यूनिवर्सिटी से फजीलत की डिग्री हासिल करने पर शकेबउर्रहमान को मुबारकबाद दी और युवाओं से उनसे प्रेरणा लेने की अपील की।
अल जामियातुल अशरफिया अरबी यूनिवर्सिटी, मुबारकपुर के प्रधानाचार्य मुफ्ती बदरे आलम और सैयद उमर मियां ने भी लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। इसके बाद पीरजादे शकेबउर्रहमान की दस्तारबंदी की गई और उन्हें मुबारकबाद दी गई। कार्यक्रम के अंत में मुल्क में अमन-चैन और आपसी भाईचारा कायम रखने के लिए विशेष दुआ की गई।
इस अवसर पर सैयद निजामी हसन, सैयद मोहम्मद कायमी हसन, मुफ्ती जाहिद अली, मुफ्ती नाजिम अली मिस्बाही, मौलाना अख्तर कमाल, मौलाना मुफ्ती नसीम मिस्बाही, मौलाना जुनैद अहमद मिस्बाही, मौलाना मोहम्मद हुसैन मिस्बाही, शहर मुफ्ती मौलाना मुजम्मिल अख्तर मिस्बाही और कारी फरियाद हुसैन सहित बड़ी संख्या में उलमा मौजूद रहे।