रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बांदा

Banda News:चुनाव से पहले अपराधियों को भेजें सलाखों के पीछे – Put Criminals Behind Bars Before The Elections

November 24, 2026


बांदा। विधानसभा चुनाव-2027 से पहले वांछित, इनामी और घोषित अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजें।

टॉप-10 अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित करें। यह निर्देश सोमवार को चित्रकूटधाम परिक्षेत्र के डीआईजी राजेश एस. ने चारों जिलों के पुलिस अधीक्षकों को दिए।

परिक्षेत्रीय कार्यालय में हुई बैठक में बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर और महोबा के एसपी शामिल हुए। डीआईजी ने बीते महीने की प्रमुख घटनाओं और गंभीर अपराधों की समीक्षा की। हिस्ट्रीशीटरों और अपराध में संलिप्त व्यक्तियों का सत्यापन कराने, गुमशुदा लोगों की बरामदगी और लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। सीसीटीएनएस में 60 और 90 दिन से लंबित विवेचनाओं को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा।

डीआईजी ने कार्तिक पूर्णिमा, अमावस्या, डॉ. भीमराव आंबेडकर महापरिनिर्वाण दिवस और क्रिसमस पर्व पर विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा। एसपी बांदा पलाश बंसल, चित्रकूट के एसपी अरुण कुमार सिंह, हमीरपुर के एसपी मृगांक शेखर पाठक और महोबा के एसपी शशांक सिंह मौजूद रहे।

——

अपराध से दूर रहने की दिलाई शपथ

बांदा। आगामी चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए कोतवाली नगर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन किया। 22 नवंबर को थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों को बुलाकर उनकी वर्तमान गतिविधियों और अन्य जरूरी जानकारियों की पड़ताल की गई।

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में हुई कार्रवाई के दौरान हिस्ट्रीशीटरों को आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने और अपराधियों से किसी तरह का संपर्क नहीं रखने की हिदायत दी गई। उन्हें गैरकानूनी गतिविधि में शामिल नहीं होने की शपथ भी दिलाई गई। (संवाद)

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X