शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बांदा

Banda News:नाबालिगों के वाहन चलाने पर होगी सख्ती, स्कूलों के बाहर होगी चेकिंग – Strict Measures To Be Taken Against Minors Driving Vehicles; Checks To Be Conducted Outside Schools

November 20, 2026


= बिना हेलमेट पकड़े गए 1784 लोग, ओवरलोडिंग के 202 मामलों में कार्रवाई

= सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णय

अमर उजाला ब्यूरो

बांदा। नाबालिगों के वाहन चलाने पर अब सख्ती होगी। स्कूलों और कोचिंग संस्थानों के आसपास विशेष चेकिंग कराई जाएगी। नाबालिगों के वाहन चलाते मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह निर्णय जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिया गया।

बृहस्पतिवार को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ऋषिकांत राजवंशी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सड़क हादसों और उनमें होने वाली मौतों पर अंकुश लगाने के लिए विभागवार कार्रवाई की समीक्षा की गई। अक्तूबर में बिना हेलमेट वाहन चलाने के 1784 और बिना सीट बेल्ट के 290 मामले पकड़े गए। ओवरलोडिंग के 202, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 138 और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने के 161 मामलों में कार्रवाई की गई। ओवरस्पीडिंग के 27 और नशे में वाहन चलाने के नौ मामले भी दर्ज किए गए। अधिकारियों को इन उल्लंघनों के खिलाफ नियमित चेकिंग और विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

हिट एंड रन के तीन मामलों में मृतक वीरू सिंह, कोमल और चुन्नू के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की प्रतिकर राशि स्वीकृत की गई है। भुगतान के लिए संबंधित बीमा कंपनी के पोर्टल पर प्रकरण दर्ज कराए गए हैं। बीमा कंपनी को जल्द भुगतान करने के निर्देश दिए गए। सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले दो राहवीरों के प्रकरण भी स्वीकृत किए गए हैं।

राष्ट्रीय राजमार्ग-335 पर तिंदवारी और महोखर के बीच जलभराव के कारण सड़क की मरम्मत अटकी है। जल निगम की पाइपलाइनों से लगातार रिसाव होने के कारण सड़क सूख नहीं पा रही है। भारी वाहनों की आवाजाही से क्षतिग्रस्त हिस्से और खराब हो रहे हैं। संबंधित विभागों को पाइपलाइन रिसाव और जलभराव दूर कर सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम माता के पास दुर्घटना संभावित मोड़ पर रंबल स्ट्रिप्स और चेतावनी संकेतक लगाने को भी कहा गया।

प्रमुख चौराहों से अवैध पार्किंग और अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने, दुर्घटना बाहुल्य स्थलों को चिह्नित कर सुधारात्मक कार्य कराने तथा बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर निगरानी के लिए कैमरे लगाने का काम तेज करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एएसपी शिवराज, एआरटीओ श्यामलाल मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X