शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Pilibhit News:91.32 करोड़ से चमकेगी बीसलपुर से बिलसंडा-बंडा-खुटार की राह – Route From Bisalpur To Bilsanda-banda-khutar To Get A Facelift With An Investment Of Rs 91.32 Crore
पीलीभीत

Pilibhit News:91.32 करोड़ से चमकेगी बीसलपुर से बिलसंडा-बंडा-खुटार की राह – Route From Bisalpur To Bilsanda-banda-khutar To Get A Facelift With An Investment Of Rs 91.32 Crore

November 20, 2026


पीलीभीत। बीसलपुर से बिलसंडा, बंडा होते हुए शाहजहांपुर के खुटार तक सफर करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। लंबे समय से सड़क चौड़ीकरण की राह देख रहे क्षेत्रवासियों की उम्मीद अब परवान चढ़ने लगी है। इस महत्वपूर्ण मार्ग को दो लेन में तब्दील करने की तैयारी शुरू हो गई है। करीब 45 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण पर 91 करोड़ 32 लाख रुपये खर्च किए जाने का प्रस्ताव है।

लोक निर्माण विभाग ने इसका प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। सड़क चौड़ी होने से न केवल पीलीभीत और शाहजहांपुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा, बल्कि किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी। संकरी सड़क के कारण आए दिन होने वाली जाम और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।

बीसलपुर-बिलसंडा-बंडा-खुटार मार्ग क्षेत्र की प्रमुख सड़कों में शामिल है। यह मार्ग कई गांवों और कस्बों को आपस में जोड़ने के साथ ही लोगों को एक जिले से दूसरे जिले तक पहुंचने का महत्वपूर्ण रास्ता उपलब्ध कराता है। इस मार्ग पर सुबह से लेकर देर शाम तक छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, मालवाहक वाहन, निजी वाहन, बसें और दोपहिया वाहन इसी सड़क से होकर गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क की मौजूदा चौड़ाई वाहनों के बढ़ते दबाव के लिहाज से पर्याप्त नहीं है। कई स्थानों पर आमने-सामने से वाहनों के निकलने में परेशानी होती है। भारी वाहनों के गुजरने के दौरान छोटे वाहन चालकों को सड़क किनारे तक जाना पड़ता है। इससे हादसों का खतरा बना रहता है। लंबे समय से क्षेत्रीय लोग इस मार्ग को चौड़ा कराकर दो लेन बनाने की मांग उठा रहे थे।

——————

15 से अधिक कस्बों और गांवों की बदलेगी तस्वीर

प्रस्तावित चौड़ीकरण का लाभ केवल बीसलपुर और बिलसंडा तक सीमित नहीं रहेगा। इस मार्ग से जुड़े मानपुर, टिहरी, केचुआ, ईटगांव, भीकमपुर, गौहानिया, घनश्यामपुर, अजमतपुर, मकसूदापुर, बंडा, सौफरी, मलिका और खुटार समेत आसपास के अनेक गांवों और कस्बों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इन क्षेत्रों के लोगों को बाजार, तहसील, शिक्षण संस्थानों और अन्य जरूरी कार्यों के लिए इसी मार्ग से आवागमन करना पड़ता है। सड़क चौड़ी होने के बाद न केवल यात्रा सुगम होगी, बल्कि वाहनों की आवाजाही भी पहले से अधिक व्यवस्थित हो सकेगी।

——————–

किसानों को उपज मंडी तक पहुंचाने में मिलेगी सहूलियत

बीसलपुर और बिलसंडा क्षेत्र कृषि प्रधान हैं। यहां बड़ी संख्या में किसान खेती पर निर्भर हैं। किसानों को अपनी उपज मंडियों और व्यापारिक केंद्रों तक पहुंचाने के लिए सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ता है। संकरी सड़क होने के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य मालवाहक वाहनों को कई बार परेशानी होती है। सड़क चौड़ी होने के बाद कृषि उपज की ढुलाई आसान होगी। किसानों का समय बचेगा और व्यापारियों को भी माल के परिवहन में सहूलियत मिलेगी। इससे क्षेत्र के कारोबार को भी गति मिलने की उम्मीद है।

————————–

व्यापारिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

बीसलपुर, बिलसंडा, बंडा और खुटार के बीच आवागमन बेहतर होने से व्यापारिक संबंध भी मजबूत होंगे। एक कस्बे से दूसरे कस्बे तक माल की आवाजाही आसान होगी। दुकानदारों, छोटे कारोबारियों और परिवहन से जुड़े लोगों को इसका फायदा मिल सकता है। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को रोजगार और कारोबार के नए अवसर भी मिलेंगे। विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को भी रोजाना आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

————————–

बोले क्षेत्रवासी, चौड़ीकरण होना बहुत जरूरी था

बीसलपुर के मोहल्ला दुबे निवासी ओमप्रकाश कश्यप ने बताया कि बिलसंडा होते हुए खुटार तक जाने वाली सड़क का चौड़ीकरण बहुत जरूरी था। सड़क संकरी होने से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। मोहल्ला बाजार कटरा निवासी कुलदीप पांडेय ने बताया इस सड़क को चौड़ा कराने की मांग क्षेत्रीय जनता काफी समय से संबंधित अधिकारियों के सामने उठा रही थी। अब जाकर इस दिशा में पहल हुई है। गांव बरखड़ा के निवासी हरिओम राठौर ने कहा कि सड़क संकरी होने के कारण इस मार्ग पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई बार आमने-सामने से वाहनों के आने पर निकलने की जगह नहीं मिलती। गांव बमरोली के शैलेश शर्मा का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के लिए भेजे गए प्रस्ताव को जल्द मंजूरी मिलनी चाहिए। इसके बाद निर्माण कार्य भी तत्काल शुरू कराया जाए, जिससे काम समय से पूरा हो सके।

——————————————

वर्जन-

बीसलपुर से बिलसंडा, बंडा होते हुए शाहजहांपुर के खुटार तक सड़क का चाैड़ीकरण होना है। इस पर 91.32 करोड़ का खर्च होगा। इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है। जल्द ही इसकी स्वीकृत होने की उम्मीद है। इसके बाद सभी प्रक्रिया पूरी करवाकर काम शुरू कराया जाएगा।

– संजीव कुमार जैन, अधिशासी अभियंता लोकनिर्माण विभाग

———

वर्जन-

बीसलपुर से बिलसंडा, बंडा होते हुए खुटार तक सड़क चौड़ी की जाएगी। इसको लेकर सभी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही शासन की मंजूरी मिलने के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।

– विवेक वर्मा, विधायक बीसलपुर

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X