रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बिजनौर

Bijnor News:बैंक अधिकारी बताकर खाते से उड़ाए 4.42 लाख रुपये – Rs 4.42 Lakh Siphoned From Account By Someone Posing As A Bank Official

November 29, 2026


नजीबाबाद। मुस्लिम फंड से सेवानिवृत्त शमशाद अहमद के खाते से साइबर ठगों ने 4.42 लाख रुपये से अधिक की धनराशि उड़ा ली। सीनियर सिटीजन कार्ड बनाने के नाम पर पीएनबी खाते से लाखों की धनराशि उड़ाई गई।

मुस्लिम फंड से सेवानिवृत्त हुए जाब्तागंज निवासी शमशाद अहमद का नजीबाबाद पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा में खाता है। शमशाद अहमद के मोबाइल पर पीएनबी के बैंक अधिकारी के नाम से साइबर ठगों ने 26 नवंबर को कॉल की। पीएनबी लोगो के साथ आई कॉल पर शमशाद अहमद से स्वयं के पंजाब नेशनल बैंक का अधिकारी होने और उनका घर बैठे ही सीनियर सिटीजन कार्ड बनाने के लिए बैंक डिटेल मांगी। शमशाद अहमद के खाते की नेट बैंकिंग बंद थी।

साइबर ठगों ने शमशाद अहमद को बैंक अधिकारी होने का विश्वास दिलाते हुए उनकी पूरी बैंक डिटेल ले ली। खाते की नेट बैंकिंग बंद होने के बावजूद नेट बैंकिंग चालू कर साइबर ठगों ने उनके खाते से 4,42,900 रुपये उड़ा लिए।

अचानक मोबाइल पर नेट बैंकिंग चालू होने का मैसेज मिलते ही शमशाद अहमद और उनके पुत्र आसिफ का माथा ठनका। उन्होंने पीएनबी की मुख्य शाखा से संपर्क किया तब तक लाखों की धनराशि उड़ते हुए साइबर ठगों ने खाता खाली कर दिया था। शमशाद के पुत्र आसिफ की ओर से साइबर ठगी की प्राथमिकी साइबर सेल थाने में दर्ज कराई गई है।

……………

1930 पर नहीं दर्ज हुई शिकायत

नजीबाबाद। शमशाद अहमद के पुत्र मोहम्मद आसिफ का कहना है कि पिता के खाते से ठगी होने के बाद तत्काल पंजाब नेशनल बैंक और थाने के माध्यम से 1930 पर उन्होंने शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया लेकिन शिकायत ऑनलाइन दर्ज नहीं हुई। सीओ सुनील कुमार सिंह ने कहा मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X