Bilaspur News:बिलासपुर वन वृत्त में सहायक वन रक्षकों के 30 पद प्रस्तावित – 30 Posts Of Assistant Forest Guards Proposed In The Bilaspur Forest Circle
16 हजार रुपये मिलेगा मासिक मानदेय, 50 फीसदी पद वन मित्रों के लिए रहेंगे आरक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। वन विभाग में नौकरी की उम्मीद लगाए बैठे बिलासपुर के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर खुलने की संभावना है। बिलासपुर वन वृत्त में सहायक वन रक्षकों के 30 पद प्रस्तावित किए गए हैं। इन पदों पर भर्ती होने से जिले के युवाओं को रोजगार का अवसर मिलने के साथ वन विभाग के फील्ड कार्यों को भी मजबूती मिलेगी। वन विभाग के प्रधान मुख्य अरण्यपाल ने बिलासपुर सहित विभिन्न वन वृत्तों में पदों के आवंटन का प्रस्ताव प्रधान सचिव (वन) को भेजा है।
विभागीय पत्र के अनुसार बिलासपुर वन वृत्त में सहायक वन रक्षकों के 30 पद प्रस्तावित हैं। इन पदों पर नियुक्त होने वालों को 16 हजार रुपये प्रतिमाह निश्चित मानदेय दिया जाएगा। खास बात यह है कि कुल पदों में से 50 प्रतिशत वन मित्रों के लिए आरक्षित रखने का प्रावधान किया गया है। इससे बिलासपुर में वन मित्र के रूप में सेवाएं दे रहे युवाओं को भी सहायक वन रक्षक बनने का अवसर मिल सकेगा। नियुक्ति प्रक्रिया में निर्धारित रोस्टर लागू होगा।
दरअसल, वन विभाग ने 28 अप्रैल 2026 को जारी अधिसूचना के तहत वन रक्षकों के 500 पद समाप्त कर उनके स्थान पर सहायक वन रक्षकों के 500 पद सृजित किए थे। अब इन पदों को अलग-अलग वन वृत्तों में आवंटित करने की प्रक्रिया चल रही है। इसी कड़ी में बिलासपुर वन वृत्त के लिए 30 पद प्रस्तावित किए गए हैं।
हालांकि, फिलहाल विभाग की ओर से पदों के आवंटन का प्रस्ताव ही भेजा गया है। भर्ती की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आयु सीमा और अन्य शर्तों को लेकर अभी आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है। ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया शुरू होने और विभाग की ओर से विस्तृत दिशा-निर्देश जारी होने का इंतजार करना होगा।
