Bilaspur News:भाखड़ा-बरमला सड़क पर सफर खतरे से खाली नहीं, पहाड़ी में लटके पत्थर बने खतरा – Traveling On The Bhakhra-barmala Road Is Not Without Risk; Rocks Hanging From The Hillside Pose A Danger
आठ किलोमीटर मार्ग पर कई जगह क्षतिग्रस्त डंगे, चालकों को सताने लगा हादसे का डर
2018 में हुए भूस्खलन के बाद नहीं हटाए गए बड़े पत्थर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। भाखड़ा से बरमला तक करीब आठ किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग पर सफर करना स्थानीय लोगों के लिए जोखिम भरा बना हुआ है। सड़क की खस्ताहाल हालत, जगह-जगह क्षतिग्रस्त डंगे और पहाड़ी में फंसे भारी पत्थरों से हादसे की आशंका बनी हुई है। सबसे चिंताजनक स्थिति भाखड़ा डैम के टॉप पर उस स्थान की है, जहां 26 सितंबर 2018 को भारी भूस्खलन हुआ था। हादसे के दौरान पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और पत्थर नीचे आए थे, लेकिन इसके बाद भी पहाड़ी में फंसे बड़े-बड़े पत्थरों को नहीं हटाया गया है।
स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि ये पत्थर खिसककर नीचे आए तो सड़क से गुजरने वाले वाहन और लोग इनकी चपेट में आ सकते हैं। भाखड़ा पंचायत के उपप्रधान प्रभात सिंह चंदेल ने बताया कि इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में स्थानीय लोग आवाजाही करते हैं। सड़क के कई हिस्सों में डंगे गिरने से किनारे क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। कुछ स्थानों पर सड़क को सहारा देने वाली संरचनाएं भी कमजोर हो गई हैं। ऐसे में वाहन चालकों को इन हिस्सों से गुजरते समय परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। पहाड़ी क्षेत्रों में मिट्टी और पत्थर खिसकने की आशंका बनी रहती है। सड़क के किनारों की सुरक्षा प्रभावित होने से मार्ग को और नुकसान पहुंच सकता है। स्थानीय लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए इसी सड़क से गुजरना पड़ता है। इसलिए इसकी मरम्मत और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करना जरूरी है। प्रभात सिंह चंदेल ने बताया कि 26 सितंबर 2018 को भाखड़ा डैम के टॉप पर भारी भूस्खलन हुआ था। इस दौरान पहाड़ी का बड़ा हिस्सा प्रभावित हुआ और भारी मात्रा में मलबा नीचे आ गया था। भूस्खलन के बाद कई बड़े पत्थर पहाड़ी में ही फंस गए थे, जो आज भी वहीं मौजूद हैं। इनके कभी भी नीचे खिसकने की आशंका बनी हुई है। संबंधित स्थान से रोजाना लोगों और वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में असुरक्षित पत्थरों को हटाने और पहाड़ी का निरीक्षण करवाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भूस्खलन वाला क्षेत्र बीबीएमबी के अधीन आता है। इस समस्या को कई बार बीबीएमबी के संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया गया है, लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों की मांग है कि किसी बड़े हादसे से पहले पहाड़ी में फंसे पत्थरों और मलबे को हटाने के लिए कदम उठाए जाएं। बीबीएमबी अधिकारियों से इस संबंध में बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।
डंगे लगाने के लिए टेंडर जारी, भूस्खलन क्षेत्र बीबीएमबी के अधीन
लोक निर्माण विभाग डिवीजन नंबर दो के अधिशासी अभियंता अच्छर सिंह ने बताया कि सड़क पर जिन स्थानों पर डंगे गिरे हैं, उनके निर्माण और मरम्मत के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। कार्य पूरा होने के बाद क्षतिग्रस्त हिस्सों को दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाखड़ा डैम के टॉप पर वर्ष 2018 में जिस स्थान पर भूस्खलन हुआ था, वह क्षेत्र बीबीएमबी के अधीन आता है। वहां से मलबा हटाने की जिम्मेदारी बीबीएमबी की है।
