Bilaspur News:भाषण में अमनदीप, मेहंदी प्रतियोगिता में तानिया ने हासिल किया पहला स्थान – Amandeep Secured First Place In The Speech Competition, And Tania Took First Place In The Mehndi Competition
थुराहण में राष्ट्रीय नवजात शिशु देखभाल कार्यक्रम में प्रतियोगिताएं आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) थुराहण में राष्ट्रीय नवजात शिशु देखभाल सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मंडल प्रधान रंजना ने की। इस दौरान भाषण और मेहंदी प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं। भाषण प्रतियोगिता में अमनदीप ने पहला, तमन्ना ने दूसरा और नेहा कुमारी ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, मेहंदी प्रतियोगिता में तानिया प्रथम, राखी द्वितीय और चांदनी तृतीय स्थान पर रहीं।
स्वास्थ्य शिक्षक दीप कुमार ने महिलाओं को बताया कि राष्ट्रीय नवजात शिशु देखभाल सप्ताह हर वर्ष 15 से 21 नवंबर तक मनाया जाता है। इसका उद्देश्य नवजात मृत्यु दर कम करना और शिशुओं को स्वस्थ जीवन की शुरुआत देना है। इस वर्ष की थीम नन्हे शिशु, उज्ज्वल संभावनाएं : उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए नियमित फॉलोअप देखभाल में निवेश करें रखी गई है। उन्होंने बताया कि जन्म के बाद शुरुआती 28 दिन शिशु के लिए सबसे संवेदनशील होते हैं। इस दौरान विशेष देखभाल और समय पर स्वास्थ्य जांच जरूरी है। एसएनसीयू और एनआईसीयू से छुट्टी मिलने वाले शिशुओं की घर पर भी नियमित निगरानी की जानी चाहिए।
दीप कुमार ने कहा कि नवजात को जन्म के एक घंटे के भीतर मां का पहला गाढ़ा पीला दूध जरूर पिलाना चाहिए। यह प्राकृतिक टीके की तरह काम करता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है। शुरुआती छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध देना चाहिए। इस दौरान पानी, शहद या घुट्टी नहीं देनी चाहिए।
उन्होंने नवजात को ठंड से बचाने, साफ-सफाई रखने और कम वजन वाले बच्चों को मां की त्वचा से लगाकर रखने की सलाह दी। शिशु की नाभि को साफ और सूखा रखने तथा जन्म के समय लगने वाले बीसीजी, ओपीवी और हेपेटाइटिस-बी सहित सभी जरूरी टीके समय पर लगवाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना और सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूकता फैलाना शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए जरूरी है। कार्यक्रम में बलडा उप स्वास्थ्य केंद्र की सीएचओ अर्चना कुमारी और आयुष विभाग के फार्मासिस्ट अनिल कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
