शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश)

Bilaspur News:लोक संस्कार गीतों के संरक्षण के लिए कार्यशाला, 150 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया भाग – Workshop For The Preservation Of Traditional Folk Songs; Over 150 Participants Took Part

November 14, 2026


कोठीपुरा के रट्ट गांव में हिम कला संगम ने किया आयोजन, नई पीढ़ी को लोक परंपराओं से जोड़ने पर दिया जोर

शिमला, सोलन और बिलासपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोक कलाकार

संवाद न्यूज एजेंसी

बिलासपुर। हिमाचल की लोक संस्कृति और पारंपरिक लोक संस्कार गीतों के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से शुक्रवार को कोठीपुरा के रट्ट गांव स्थित गोगा जाहरवीर मंदिर परिसर में कार्यशाला एवं उत्सव का आयोजन किया गया। हिम कला संगम, जिला बिलासपुर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में शिमला, सोलन, बिलासपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोक कलाकारों और प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यशाला में 150 से अधिक लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम में सदर बीडीसी उपाध्यक्ष नीलम गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि कार्यशाला की अध्यक्षता बीडीसी सदस्य जगदंबा देवी ने की। इस अवसर पर जिला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल, ग्राम पंचायत कोठीपुरा के प्रधान जगदीश, उपप्रधान परम देव और समाजसेवी भंडारी राम सहित अन्य लोग मौजूद रहे। हिम कला संगम के अध्यक्ष सतपाल शर्मा ने बताया कि कार्यशाला का आयोजन भाषा एवं संस्कृति विभाग हिमाचल प्रदेश, महिला मंडल रट्ट, जन कल्याण एवं ग्राम विकास समिति कोठीपुरा, ग्राम पंचायत कोठीपुरा और स्थानीय लोगों के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इसमें महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों, युवक मंडलों और विभिन्न सांस्कृतिक समूहों के सदस्यों ने भाग लिया। कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को पारंपरिक लोक संस्कार गीतों का प्रशिक्षण देने के साथ इन गीतों के महत्व और संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

उन्होंने कहा कि जन्म, विवाह और अन्य सामाजिक एवं धार्मिक अवसरों पर गाए जाने वाले लोक संस्कार गीत हिमाचल की सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा हैं। इन गीतों में प्रदेश की लोक परंपराओं, सामाजिक मूल्यों और सामुदायिक जीवन की झलक मिलती है। आधुनिकता के दौर में इन परंपराओं को सहेजना और नई पीढ़ी को इनसे जोड़ना जरूरी है। ऐसे आयोजन लोक संस्कृति को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X