रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश)

Bilaspur News:सात परिवारों को आज तक नहीं मिली सड़क सुविधा, मरीजों को चारपाई पर पहुंचाते हैं मुख्य सड़क तक – Seven Families Still Lack Road Access; They Have To Carry Patients On Cots To Reach The Main Road

November 24, 2026


मलांगण में रास्ते की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण, एसडीएम को दी पुराने रास्ते पर कब्जे की शिकायत

एक किलोमीटर पैदल सफर कर मुख्य सड़क तक पहुंचने की परेशानी

संवाद न्यूज एजेंसी

गेहड़वीं (बिलासपुर)। झंडूता उपमंडल की ग्राम पंचायत मलांगण के सात परिवार आज भी सड़क सुविधा से महरूम हैं। गांव तक सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को रोजाना करीब एक किलोमीटर का पैदल सफर तय करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी किसी के बीमार होने या बुजुर्गों को अस्पताल पहुंचाने के दौरान होती है। ऐसे में मरीजों को चारपाई पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। लंबे समय से चली आ रही इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने अब प्रशासन से गुहार लगाई है।

कैप्टन मुख्तियार सिंह की अध्यक्षता में ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम झंडूता अर्शिया शर्मा को शिकायत पत्र सौंपकर समस्या के समाधान की मांग उठाई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में आने-जाने के लिए एक प्राचीन रास्ता मौजूद है, लेकिन कुछ लोगों ने उस पर कथित तौर पर अवैध कब्जा कर लिया है। इसके चलते सात परिवारों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क सुविधा नहीं होने और प्राचीन रास्ता बंद होने से उन्हें रोजमर्रा के कामों के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आपात स्थिति में समस्या और गंभीर हो जाती है। किसी व्यक्ति के बीमार होने या शारीरिक रूप से असमर्थ होने पर उसे चारपाई या अन्य साधन से उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को भी प्रतिदिन पैदल सफर करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में किसी पशु की मृत्यु होने पर उसके शव को मुख्य सड़क तक पहुंचाने के लिए करीब 20 लोगों की जरूरत पड़ती है। इससे गांव के लोगों की मुश्किलों का अंदाजा लगाया जा सकता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व विभाग और संबंधित अधिकारियों की टीम मौके पर भेजकर रास्ते का निरीक्षण करवाया जाए। प्राचीन रास्ते की वास्तविक स्थिति स्पष्ट कर ग्रामीणों के आवागमन का रास्ता बहाल किया जाए और सात परिवारों को सड़क सुविधा उपलब्ध करवाई जाए।

जल्द किया जाएगा मौके का निरीक्षण

उधर, एसडीएम झंडूता अर्शिया शर्मा ने बताया कि ग्रामीण शिकायत लेकर उनसे मिले हैं। जल्द ही मौके का निरीक्षण करवाकर मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X