Bilaspur News:11 पुराने आपराधिक मामलों में नामजद आरोपी 7.28 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार – Accused, Named In 11 Past Criminal Cases, Arrested With 7.28 Grams Of ‘chitta’ (synthetic Drug)
स्वारघाट पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान की कार्रवाई, सात मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। चिट्टा तस्करी के मामलों में पहले भी नाम सामने आ चुके एक आरोपी को स्वारघाट पुलिस ने 7.28 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से अलग-अलग पुलिस थानों में 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें सात मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत हैं। वर्ष 2026 में भी आरोपी के खिलाफ तलाई और घुमारवीं थानों में चिट्टा तस्करी के मामले दर्ज हुए थे। पुलिस के अनुसार स्वारघाट थाना की टीम गंदराल लिंक रोड पर स्वाहण से मैहला के पास नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 7.28 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान 30 वर्षीय विवेक कुमार निवासी गांव कोटला, डाकघर बाड़ी मझेड़वां, तहसील घुमारवीं के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ स्वारघाट थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2015 से अलग-अलग थानों में मामले दर्ज होते रहे हैं। वर्ष 2015 में घुमारवीं थाने में मारपीट, घर में घुसने, नुकसान पहुंचाने, धमकी देने और चोरी से जुड़े दो मामले दर्ज हुए थे। वर्ष 2019 में सदर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ। इसके बाद वर्ष 2020 में घुमारवीं और वर्ष 2022 तथा 2023 में सदर थाने में मादक पदार्थों से जुड़े मामले दर्ज किए गए। वर्ष 2022 में चोरी का मामला भी दर्ज हुआ था। वर्ष 2024 में घुमारवीं और बद्दी थाने में भी मामले दर्ज हुए। वहीं, चार अगस्त और 23 अक्तूबर 2026 को तलाई और घुमारवीं थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए थे। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर चिट्टे की आपूर्ति के स्रोत और उससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है, ताकि नशे की सप्लाई में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
कोट
स्वारघाट पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति से 7.28 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें सात एनडीपीएस एक्ट के हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।
-अभिषेक धीमान, पुलिस अधीक्षक,बिलासपुर
