Chamba News:चंबा में श्रद्धा और उत्साह से मनाया गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व – Guru Nanak Devs Birth Anniversary Celebrated With Devotion And Enthusiasm In Chamba
गुरुद्वारा साहिब में शबद-कीर्तन से संगत निहाल, शहर में पंज प्यारों की अगुवाई में निकली शोभायात्रा
गतका टीम ने तलवारबाजी, पारंपरिक युद्ध कौशल के हैरतअंगेज करतब दिखाकर मोहा लोगों का मन
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व चंबा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में धार्मिक कार्यक्रम हुए।
श्रद्धालुओं ने माथा टेककर गुरु महाराज का आशीर्वाद लिया और सरबत के भले की अरदास की। रागी जत्थों ने गुरबाणी और शबद-कीर्तन का गायन कर संगत को निहाल किया।
दोपहर बाद शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसकी अगुवाई पंज प्यारों ने की। शोभायात्रा के दौरान गतका टीम ने तलवारबाजी सहित पारंपरिक युद्ध कलाओं का प्रदर्शन किया। टीम के सदस्यों के हैरतअंगेज करतब देखने के लिए लोग जुटे रहे।
इस दौरान वक्ताओं ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने प्रेम, समानता, भाईचारे और मानव सेवा का संदेश दिया। उन्होंने जात-पात और ऊंच-नीच के भेदभाव का विरोध कर सभी मनुष्यों को समान बताया। उनके तीन प्रमुख सिद्धांत नाम जपो, किरत करो और वंड छको आज भी समाज को सही दिशा दिखाते हैं। इन सिद्धांतों के माध्यम से उन्होंने प्रभु का स्मरण करने, ईमानदारी से मेहनत करने और अपनी कमाई जरूरतमंदों के साथ बांटने की सीख दी।
कुलदीप सिंह, सतपाल सिंह और हरजीत सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने लोगों से गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलकर समाज में प्रेम, शांति और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया।

चंबा में गुरु नानक देव प्रकाश पर्व को लेकर शोभायात्रा के दौरान कर्तव दिखाती गत्का टीम।संवाद
