Chamba News:जंगल की आग से स्कूल को बचाने टहनियों की झाड़ू लेकर उतरे विद्यार्थी – Students Stepped In With Twig Brooms To Save Their School From A Forest Fire
तीसा-खखड़ी में दो किमी के दायरे में फैलीं लपटें, स्कूल-आईटीआई तक पहुंच गई थी जंगल की आग
साढ़े सात घंटे चला अभियान, दमकल कर्मियों की मुश्किल, 20 किमी दूर तरेला से भरने पड़े टैंक
चुराह के तीसा-खखड़ी जंगल में बुधवार सुबह भड़की आग ने स्कूल और आईटीआई तक खतरा पहुंचा दिया। लपटें तेजी से फैलती देख विद्यार्थी शिक्षकों के साथ खुद आग बुझाने में जुट गए। झाड़ियों से बनाई झाड़ुओं और अग्निशमन यंत्रों से शुरू हुआ प्रयास दमकल विभाग की तीन गाड़ियों के पहुंचने के बाद भी घंटों जारी रहा। पानी की कमी ने बचाव कार्य को और चुनौतीपूर्ण बना दिया। शाम करीब 4:30 बजे आग पर काबू पाया जा सका।
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। ग्राम पंचायत तीसा-1 के जंगल में सुबह करीब 9:15 बजे लगी आग सूखी घास और झाड़ियों के कारण डेढ़ से दो किलोमीटर के दायरे में फैल गई। लपटें सेंट पॉल स्कूल और आईटीआई भंजराडू के नजदीक पहुंचीं तो विद्यार्थियों ने शिक्षकों और प्रधानाचार्य को सूचना दी। स्कूल में उस समय फेयरवेल पार्टी की तैयारी चल रही थी। इसके बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों ने झाड़ियों से झाड़ू बनाकर और अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग रोकने का प्रयास शुरू किया। 74 वर्षीय भाग सिंह ठाकुर, आईटीआई प्रशिक्षु और वन विभाग के कर्मचारी भी इस काम में जुट गए।
सुबह करीब 10 बजे फायर चौकी भंजराडू प्रभारी मनोज कुमार की अगुवाई में तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दोपहर दो बजे तक आग पर लगभग नियंत्रण पा लिया गया था, लेकिन कुछ देर बाद लपटें फिर तेज हो गईं। शुरुआत में आईटीआई की टंकियों से पानी लिया गया। इसके बाद अतिरिक्त छोटी दमकल गाड़ी भी बुलानी पड़ी। दमकल वाहनों में पानी भरने के लिए कर्मचारियों को करीब 20 किलोमीटर दूर तरेला जाना पड़ा। सभी के संयुक्त प्रयासों से शाम 4:30 बजे आग पर काबू पाया गया।
सेंट पॉल स्कूल के प्रधानाचार्य यशपाल ने कहा कि चुराह में आग की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन दमकल विभाग के पास पर्याप्त पानी और लंबी पाइपों की कमी है। विभाग पाइप खरीदने में असमर्थ है तो वह सहयोग करने के लिए तैयार हैं। फायर चौकी प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि आग बुझाने के लिए तीन दमकल गाड़ियां भेजी गई थीं। क्षेत्र में फायर हाइड्रेंट की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रशासन और विभाग को पहले भी अवगत करवाया जा चुका है।
जंगल में आग लगाने वालों की धरपकड़ करनी चाहिए। उनके खिलाफ नियम अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। – भाग सिंह ठाकुर
फेयरवेल पार्टी आज होनी वाली थी। जंगल की आग ने देखते ही देखते स्कूल को भी अपनी चपेट में ले लेना था। – जीवन कुमार, विद्यार्थी
स्कूल के बच्चों, स्टाफ ने मिल कर आग बुझाने के लिए जी-जान लगा दी। शाम चार बजे तक ही आग पर काबू पाया जा सका। – जाह्नवी, विद्यार्थी
जंगल में आग लगाने से वन संपदा और जीव-जंतु आग की जद में आकर नष्ट हो रहे हैं। इसका बुधवार को प्रमाण दिखा। – पूर्वी ठाकुर, विद्यार्थी
