रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Chamba News:जिस आशियाने को खून-पसीने से बनाया, उसे राख होते देख टूट गया हौसला – Seeing The Home Built With Blood, Sweat, And Toil Reduced To Ashes, His Spirit Was Shattered
चंबा

Chamba News:जिस आशियाने को खून-पसीने से बनाया, उसे राख होते देख टूट गया हौसला – Seeing The Home Built With Blood, Sweat, And Toil Reduced To Ashes, His Spirit Was Shattered

November 26, 2026


दो चाचा और भतीजा सिर पर हाथ रखकर जमीन पर बैठ गए, आंखों के सामने जलता रहा दो मंजिला मकान

ऊपरी मंजिल पर परिवारों के रहने के कमरे, नीचे दुकानों से चलता था तीनों परिवारों का गुजारा

संवाद न्यूज एजेंसी

चंबा। जिस मकान को तीन परिवारों ने जिंदगीभर की कमाई से खड़ा किया था, उसे अपनी आंखों के सामने जलता देख वे सुध-बुध खो बैठे।

संघणी बाजार में आग की लपटें जब कमल कुमार पुत्र स्वर्गीय देवराज और उनके चाचा देव प्रसाद व सुरेश कुमार के दो मंजिला मकान तक पहुंचीं तो तीनों ने सबसे पहले अपने परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद वे अपने आशियाने को बचाने की उम्मीद में वहीं डटे रहे।

ग्रामीण नाले से बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने में जुटे थे। इसी बीच दमकल विभाग की छोटी गाड़ी भी मौके पर पहुंची। गाड़ी को देखकर तीनों परिवारों को लगा कि अब उनका मकान बच जाएगा, लेकिन जब उससे पानी की बौछार नहीं निकली तो उनकी आखिरी उम्मीद भी टूट गई। तीनों सिर पर हाथ रखकर जमीन पर बैठ गए। आसपास मौजूद लोग दमकल कर्मियों पर नाराजगी जताते रहे, लेकिन उनकी नजरें अपने जलते मकान पर ही टिकी रहीं। न उनके मुंह से कोई शब्द निकला और न ही वे कुछ कर पाने की स्थिति में रहे।

देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इसकी ऊपरी मंजिल पर परिवारों के रहने के कमरे थे, जबकि निचली मंजिल में दुकानें थीं। इन्हीं दुकानों की कमाई से तीनों परिवारों का गुजारा चलता था। अग्निकांड ने उनसे सिर छिपाने की छत के साथ आजीविका का सहारा भी छीन लिया। अब प्रभावित परिवारों के सामने फिर से आशियाना खड़ा करने और परिवारों का भरण-पोषण करने की चुनौती है।

—

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X