Chamba News:अग्निकांड की गुत्थी सुलझाएंगे राख और मलबे से मिले साक्ष्य – Evidence Recovered From The Ash And Debris Will Help Unravel The Mystery Of The Fire Incident
फोरेंसिक टीम ने पानी, लकड़ी, बिजली की तारों, सिलिंडर और मिट्टी के नमूने जुटाए
ढाई घंटे तक चली जांच, दो दिन बाद लोक निर्माण विभाग शुरू करेगा मलबा हटाने का काम
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। संघणी बाजार में हुए भीषण अग्निकांड के कारणों की पड़ताल तेज हो गई है। शुक्रवार को नूरपुर से पहुंची फोरेंसिक विशेषज्ञों की तीन सदस्यीय टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राख और मलबे से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
टीम ने पानी, लकड़ी, बिजली की तारों, सिलिंडर और मिट्टी समेत विभिन्न नमूनों को एकत्रित किया। इन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा, जिसके बाद आग लगने के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फोरेंसिक टीम शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस की अगुवाई में संघणी बाजार पहुंची। विशेषज्ञों ने अग्निकांड से प्रभावित अलग-अलग स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया और जले हुए सामान के अवशेषों से नमूने लिए। करीब ढाई घंटे तक चली कार्रवाई के बाद टीम दोपहर पौने दो बजे लौट गई। इस दौरान पुलिस थाना किहार के थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और अन्य जवान मौजूद रहे।
राख और मलबे को हटाने की तैयारी
अग्निकांड के बाद बाजार में जमा राख और मलबे को हटाने की तैयारी भी की जा रही है। लोक निर्माण विभाग दो दिन बाद यह काम शुरू करेगा। इससे पहले फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा लिए हैं, ताकि मलबा हटाने के दौरान जांच से जुड़े सबूत नष्ट न हों।
शुक्रवार को पुलिस टीम के साथ फोरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए हैं। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के सही कारणों का पता चल पाएगा। – अनिल भारद्वाज, कार्यवाहक उपमंडल अधिकारी
