Chamba News:लंबित मांगों पर मुख्यमंत्री से मिलेगा शिक्षक महासंघ – Teachers’ Federation To Meet Chief Minister Regarding Pending Demands
पदोन्नति प्रक्रिया तेज करने, स्थानांतरण नीति बहाल करने की उठाई मांग, पांच फीसदी डीए देने पर जताया आभार
छठे वेतन आयोग की देनदारियों और 13 प्रतिशत डीए के बकाया का आगामी बजट में समाधान करने का आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। हिमाचल शिक्षक महासंघ ने शिक्षकों और कर्मचारियों के लंबित वित्तीय एवं सेवा संबंधी मामलों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा में महासंघ की प्रदेश स्तरीय बैठक में यह फैसला लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रेम शर्मा ने की, जबकि मुख्य संरक्षक प्रो. यशवंत सिंह राणा विशेष रूप से मौजूद रहे। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों ने शिक्षकों की समस्याओं और लंबित मांगों पर चर्चा की।
महासंघ ने दिवाली पर पांच फीसदी महंगाई भत्ता (डीए) देने के लिए प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री का आभार जताया। साथ ही 13 प्रतिशत डीए के बकाये, एक जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2022 तक छठे वेतन आयोग की देनदारियों और वेतन निर्धारण से जुड़े मामलों को आगामी बजट में हल करने की मांग की।
डॉ. प्रेम शर्मा ने कहा कि प्रदेश में शिक्षकों के रिक्त पद भरने और सीबीएसई स्कूल शुरू करने की पहल का महासंघ स्वागत करता है। उनके अनुसार, करीब दो से ढाई हजार शिक्षकों की भर्ती हो चुकी है, जबकि मार्च-अप्रैल तक तीन से चार हजार और पद भरने प्रस्तावित हैं।
बैठक में जेबीटी से टीजीटी, सीएंडवी से टीजीटी, टीजीटी से प्रवक्ता और प्रवक्ता से मुख्याध्यापक पद पर पदोन्नति प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करने की मांग भी उठी। प्रधानाचार्यों की लंबित पदोन्नतियां करने और टीजीटी संस्कृत व हिंदी की विसंगतियां दूर करने पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा जिला और अंतर जिला स्थानांतरण नीति बहाल करने, आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए स्थायी नीति बनाने तथा आईटी-आईसीटी और वोकेशनल शिक्षकों के वेतनमान व नियमितीकरण से जुड़े मामलों को सुलझाने की मांग की गई। महासंघ अब इन सभी मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर समाधान की पैरवी करेगा।
