Chandauli News:ई-रिक्शा की किस्त और रुपये के विवाद में पत्नी की हत्या करने के दोषी पति को उम्रकैद – Husband Convicted Of Murdering His Wife Over A Dispute Regarding E-rickshaw Installments And Money Is Sentenced To Life Imprisonment
इलिया। ई-रिक्शा की किस्त और रुपये के लेन-देन के विवाद में पत्नी की हत्या करने के आरोपी पति को अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अपर सत्र न्यायाधीश, न्यायालय संख्या-एक अशोक कुमार-XI की अदालत ने बृहस्पतिवार को इस मामले में दोषी इजहार अली उर्फ मुन्ना पर 50 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया। अर्थदंड नहीं देने पर उसे दो वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
इलिया थाने में 18 मार्च 2024 को प्राथमिकी दर्ज हुई। इसके तहत क्षेत्र के सीहर गांव निवासी इजहार अली का उसकी पत्नी निशा बेगम से ई-रिक्शा की किस्त और रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। निशा ने मायके और समूह से कर्ज लेकर ई-रिक्शा खरीदी थी। आरोप है कि विवाद से नाराज इजहार ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर ईंट-पत्थरों से पत्नी के सिर और चेहरे पर हमला किया। इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। मृतका के भाई की तहरीर पर इलिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान डीएनए रिपोर्ट समेत वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। इसी मामले की सुनवाई करते हुए दोनों पक्षों की दलील सुनने और डीएनए रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों को देखते हुए अदालत ने इजहार अली को दोषी करार दिया। न्यायाधीश ने इजहार अली को आजीवन कारावास की सजा और 50 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।
