पीडीडीयू नगर। छठ पूजा के बाद दूसरे शहरों को लौटने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में 21 से 24 नवंबर के बीच 13 और स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनमें मुंबई, दिल्ली, बंगलूरू, अहमदाबाद, उधना और दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों के लिए ट्रेनें शामिल हैं। ये सभी ट्रेनें पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर भी रुकेंगी। इससे बिहार से पूर्वांचल के रास्ते दूसरे राज्यों में जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि ट्रेन संख्या 05525 सहरसा-लोकमान्य तिलक स्पेशल रात 9:45 बजे सहरसा से रवाना हुई। यह ट्रेन शनिवार सुबह 9:50 बजे पीडीडीयू पहुंचेगी। इसी तरह 07564 दानापुर-चर्लपल्ली स्पेशल और 03243 दानापुर-आनंद विहार स्पेशल ट्रेनें रवाना हुई। 21 नवंबर को ट्रेन संख्या 05223 बरौनी-एरणाकुलम स्पेशल रात 11 बजे रवाना होगी। यह 22 नवंबर की सुबह 6:50 बजे पीडीडीयू जंक्शन पहुंचेगी। इसी दिन ट्रेन संख्या 03259 दानापुर-लोकमान्य तिलक स्पेशल दोपहर 12:30 बजे और 03247 दानापुर-बंगलूरू कैंट अनारक्षित स्पेशल शाम छह बजे खुलेगी। दोनों ट्रेनें क्रमशः शाम 4:30 बजे और रात 9:30 बजे पीडीडीयू पहुंचेंगी।
22 नवंबर को ट्रेन संख्या 05529 रक्सौल-चर्लपल्ली अनारक्षित स्पेशल, ट्रेन संख्या 01020 सहरसा-लोकमान्य तिलक स्पेशल, ट्रेन संख्या 03249 पटना-एरणाकुलम स्पेशल और 05222 बरौनी-अहमदाबाद स्पेशल चलेगी। इनमें सहरसा से मुंबई जाने वाली ट्रेन सुबह 4:30 बजे, पटना से एरणाकुलम जाने वाली ट्रेन रात 2:40 बजे और बरौनी से अहमदाबाद जाने वाली ट्रेन सुबह 6:50 बजे पीडीडीयू पहुंचेगी। इसके साथ ही 22 नवंबर को ट्रेन नंबर 07562 दरभंगा-चर्लपल्ली स्पेशल और 24 नवंबर को ट्रेन संख्या 09074 और 09072 जयनगर-उधना की दो स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। जयनगर से उधना जाने वाली दोनों ट्रेनें 24 नवंबर को रवाना होंगी। पहली ट्रेन रात 8:27 बजे और दूसरी ट्रेन 25 नवंबर की रात 12:15 बजे पीडीडीयू पहुंचेगी।