Charkhi Dadri News:फ्रांस से बरात लेकर पहुंचा दूल्हा, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दादरी की अंशु संग लिए सात फेरे – Groom Arrives From France With His Wedding Procession; Ties The Knot With Anshu From Dadari
चरखी दादरी। सात समंदर पार फ्रांस से बरात लेकर दादरी पहुंचे दूल्हे फाउजी ने शुक्रवार को यहां की बेटी अंशु के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।
महेंद्रगढ़ रोड स्थित दादरी पोर्टा हवेली में आयोजित इस अनूठे विवाह समारोह में फ्रांस से पहुंचे दूल्हे के परिजनों और रिश्तेदारों ने भी भारतीय परंपराओं के अनुरूप आयोजित सभी रस्मों में उत्साह के साथ भाग लिया। विदेशी दूल्हे ने भारतीय संस्कृति और वैवाहिक परंपराओं से प्रभावित होकर पूरे वैदिक विधि-विधान के साथ विवाह रचाया। इस अंतरराष्ट्रीय विवाह के साक्षी बने दोनों परिवारों के रिश्तेदारों और आमंत्रित मेहमानों ने नव दंपती को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।
साइप्रस देश में मिले दोनों
दुल्हन अंशु शहर के पूर्ण नगर निवासी राजेश कुमार और राजरानी की सुपुत्री हैं जबकि दूल्हा फाउजी फ्रांस निवासी पैट्रिक फर्डिनेंड और नादिया फर्डिनेंड के बेटे हैं। अंशु की प्रारंभिक शिक्षा चरखी दादरी में ही हुई। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए वह साइप्रस गईं जहां उन्होंने बिजनेस एंड फाइनेंस की पढ़ाई की। इसी दौरान उनकी मुलाकात फ्रांस निवासी फाउजी से हुई। फाउजी भी साइप्रस में पढ़ाई कर रहे थे। पढ़ाई के दौरान शुरू हुई जान-पहचान आगे चलकर दोनों परिवारों के फैसले से जीवनसाथी बनने तक पहुंच गई। वर्तमान में दोनों साइप्रस में ही नौकरी कर रहे हैं।
तीन दिन तक भारतीय परंपराओं के रंग में रंगा रहा समारोह
इस विवाह समारोह की शुरुआत 18 नवंबर को हल्दी और मेहंदी की पारंपरिक रस्मों के साथ हुई। इसके बाद 19 नवंबर को चाक-भात और महिला संगीत का आयोजन किया गया। महिला संगीत में परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाकर विवाह की खुशियां मनाईं। फ्रांस से पहुंचे दूल्हे और उसके परिजनों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।
इसके बाद विवाह की रस्में शुरू हुईं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अंशु और फाउजी ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और एक-दूसरे का जीवनभर साथ निभाने का वचन दिया। विवाह के बाद प्रीतिभोज और डोली की रस्म भी आयोजित की गई।
फ्रांस से आए मेहमानों ने भी देखी भारतीय संस्कृति की झलक
इस विवाह की खास बात यह रही कि दूल्हा और उसके परिवार ने भारतीय रीति-रिवाजों को पूरे उत्साह के साथ अपनाया। हल्दी, मेहंदी, महिला संगीत से लेकर सात फेरों तक हर रस्म पारंपरिक तरीके से संपन्न हुई। फ्रांस से पहुंचे दूल्हे के परिजनों और मेहमानों के लिए भी यह आयोजन भारतीय संस्कृति, पारिवारिक संस्कारों और वैवाहिक परंपराओं को करीब से जानने का खास अवसर बना।
अंशु की दादी रामपति देवी की ओर से भी रिश्तेदारों और आमंत्रितों को विवाह का निमंत्रण दिया गया था। दो अलग-अलग देशों और संस्कृतियों से जुड़े परिवारों का यह मिलन चरखी दादरी में चर्चा का विषय बना रहा। फ्रांस से आई बरात और भारतीय परंपराओं के अनुरूप संपन्न हुए विवाह ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
