Chitrakoot News:पढ़ाई के तनाव में किशोरी ने की खुदकुशी – Teenager Dies By Suicide Due To Academic Stress
चित्रकूट। पहाड़ी थाना क्षेत्र के चौरा गांव में एक 15 वर्षीय किशोरी ने बृहस्पतिवार की रात फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें किशोरी ने पढ़ाई से तनाव की बात लिखी है।
चौरा गांव निवासी नत्थू प्रसाद ने बताया कि उसकी छोटी बेटी निशा देवी (15) बृहस्पतिवार की रात घर में अकेले थी। उसकी मां लीलावती अपने मायके नोनार गांव गई थीं। दो बेटे बाहर रहते हैं। बताया कि रात में खाना खाने के बाद बेटी ने उससे कहा कि मवेशियों को रात में खाना दे दो। इसके बाद वह दूसरे घर में जाकर सो गए। सुबह जब उन्होंने बेटी को आवाज दी और घर के अंदर गए तो उसे फंदे से लटका पाया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी विवेक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस को कमरे में निशा की खुली कॉपी मिली, जिसमें सुसाइड नोट था।
सुसाइड नोट में निशा ने लिखा है कि वह पहाड़ी के पालेश्वर नाथ इंटर कॉलेज में पढ़ती थी। वह बहुत पढ़ाई करती थी, लेकिन उसे कुछ याद नहीं रहता था। इस बात से वह बहुत परेशान थी। उसने अपने माता-पिता के प्रति प्यार व्यक्त किया और कहा कि उन्हें कोई परेशान न करे। उसने लिखा कि वह हमेशा के लिए छोड़कर जा रही है।
निशा के पिता नत्थू प्रसाद ने बताया कि बेटी ने कई बार पढ़ाई की समस्या बताई थी। उसने यह भी कहा था कि जब शिक्षक बच्चों के सामने डांटते हैं तो उसे बहुत बुरा लगता है। थाना प्रभारी विवेक कुमार सिंह ने पुष्टि की कि सुसाइड नोट में किशोरी ने केवल पढ़ाई के बारे में ही लिखा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
