शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
इटावा

Etawah News:कार्डियक अरेस्ट से हुई सराफा कारीगर की मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा – Bullion Artisan Dies Of Cardiac Arrest, Post-mortem Report Reveals

November 13, 2026


इटावा। दिवाली की रात जुए में जीते 800 रुपये में से 300 रुपये मांगने पर मारपीट के शिकार हुए सराफा कारीगर की मौत कार्डियक अरेस्ट से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट सामने आया है। पुलिस के अनुसार युवक शराब का आदी था। हालांकि, मां की ओर से लगाए गए मारपीट और हत्या के आरोपों की जांच की जा रही है।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पोस्टमार्टम हाउस के पीछे स्थित कांशीराम कॉलोनी के ब्लॉक नंबर 9/139 में रहने वाले शिवम उर्फ चुन्नू (36) का शव मंगलवार शाम कमरे में मिला था। वह शहर की एक सराफा दुकान पर कारीगरी करता था। मां अभिलेष ने आरोप लगाया था कि आठ नवंबर को दिवाली की रात जुए में 800 रुपये जीतने के बाद उसमें से 300 रुपये मांगने पर पिता-पुत्र ने शिवम के साथ मारपीट की थी। मारपीट में घायल होने के बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया था।

उपचार के बाद वह कमरे पर लौट आया था। सोमवार को फोन करने पर शिवम ने कॉल रिसीव नहीं की थी। मंगलवार को भी जवाब नहीं मिलने पर मां ने पड़ोस में रहने वाली महिला को कमरे पर भेजा था। दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर मां ने ईंट से तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो शिवम अचेत अवस्था में पड़ा मिला था। पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई थी, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया था। प्रभारी निरीक्षक केके मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कार्डियक अरेस्ट से मौत की पुष्टि हुई है। युवक शराब का आदी था।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X