Etawah News:चोरी की आठ बाइक बेचने में दो को दो साल की सजा – Four Arrested For Filing A False Report Of Theft
दोनों पर तीन-तीन हजार रुपये का जुर्माना, वर्ष 2018 में दर्ज हुआ था मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। चोरी की आठ बाइकें बेचते पकड़े गए दो आरोपियों को एडीजे प्रथम कोर्ट ने बुधवार को दो-दो साल के कारावास और तीन-तीन हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। दोनों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में वर्ष 2018 में चोरी का माल खरीदने और रखने की धारा 411 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। 20 अक्तूबर 2018 को थाना सिविल लाइन क्षेत्र में चोरी की आठ बाइकें बेचते हुए दो आरोपियों को पकड़ा गया था। इनमें सोनू यादव निवासी मुकुंदपुरा थाना चौबिया और प्रेम किशोर उर्फ पीके निवासी हिम्मतपुर थाना सैफई शामिल थे। मामले की विवेचना में साक्ष्य संकलित कर आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किए गए। इसके बाद अभियोजन पक्ष की ओर से साक्ष्य प्रस्तुत किए गए। इसके आधार पर बुधवार को एडीजे प्रथम कोर्ट ने दोनों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए दो-दो साल की सजा और तीन-तीन हजार रुपये जुर्माने से दंडित किया।
