रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Faridabad News:गुरु पर्व पर उमड़ा आस्था का सैलाब – A Surge Of Faith On Guru Parv
फरीदाबाद

Faridabad News:गुरु पर्व पर उमड़ा आस्था का सैलाब – A Surge Of Faith On Guru Parv

November 24, 2026


पंज प्यारों की अगुवाई में निकली भव्य शोभायात्रा, नगर कीर्तन में शामिल होने के लिए उमड़े श्रद्धालु

जगह-जगह पुष्प वर्षा कर किया स्वागत, सेवा और भक्ति के रंग में रंगा एनआईटी क्षेत्र

संवाद न्यूज एजेंसी

फरीदाबाद। गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर मंगलवार को औद्योगिक नगरी में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही शहर के गुरुद्वारों में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई। वहीं, एनआईटी क्षेत्र में निकाले गए भव्य नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में संगत ने हिस्सा लिया। नगर कीर्तन को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खास उत्साह दिखाई दिया। पंज प्यारों की अगुवाई में सजी गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी के दर्शन के लिए रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालु एकत्रित हुए। लोगों ने पुष्प वर्षा कर पालकी का स्वागत किया और सेवा में बढ़-चढ़कर भागीदारी की। नगर कीर्तन के दौरान एनआईटी इलाके में आतिशबाजी भी होती रही।

नगर कीर्तन के दौरान पूरा एनआईटी क्षेत्र गुरु भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। रास्ते में वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालु शबद-कीर्तन करते हुए गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का संदेश देते रहे। युवाओं ने जहां पूरे उत्साह के साथ नगर कीर्तन में भाग लिया, वहीं बुजुर्ग और महिलाएं भी सेवा करती नजर आईं। गतका दल ने पारंपरिक युद्ध कला का प्रदर्शन कर लोगों को आकर्षित किया।

रास्ते में संगत ने की सेवा, जगह-जगह लगाए लंगर

एनआईटी-5 स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु दरबार साहिब के सदस्य अमरजीत सिंह ने बताया कि नगर कीर्तन दोपहर करीब एक बजे गुरुद्वारे से शुरू हुआ। यह एनआईटी-1, एनआईटी-2, एनआईटी-3 और एनआईटी-4 से होते हुए एनआईटी-5 मार्केट पहुंचा। इसके बाद चार-पांच चौक से होते हुए गुरुद्वारा साहिब की ओर रवाना हुआ। पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए लंगर और जलपान की व्यवस्था की गई थी। स्थानीय लोगों ने भी नगर कीर्तन के स्वागत और सेवा में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

लंगर के साथ स्वच्छता का भी रखा ध्यान

प्रकाश पर्व पर श्रद्धालुओं ने सेवा के साथ स्वच्छता का संदेश भी दिया। कई स्थानों पर डिस्पोजल प्लेटों के बजाय स्टील की प्लेटों में लंगर परोसा गया। भोजन के बाद सेवादार प्लेटों को एकत्रित कर साफ करते रहे, ताकि उनका दोबारा इस्तेमाल किया जा सके। वहीं, डिस्पोजल प्लेटों का इस्तेमाल होने वाले स्थानों पर कचरा खुले में फेंकने के बजाय कूड़ेदानों में जमा किया गया। सेवादारों ने पूरे आयोजन के दौरान सफाई व्यवस्था बनाए रखने में योगदान दिया।

गुरुद्वारों में दिनभर चला शबद-कीर्तन

प्रकाश पर्व पर शहर के गुरुद्वारों में विशेष दीवान सजाए गए। सेक्टर-15 गुरुद्वारे की सदस्य राणा कौर ने बताया कि सुबह से ही शबद-कीर्तन शुरू हो गए थे। कीर्तन के लिए दिल्ली और अमृतसर से रागी जत्थे पहुंचे थे। सेक्टर-7 स्थित गुरुद्वारे में भी दिनभर कीर्तन और लंगर का आयोजन हुआ। वहीं, सेक्टर-10-11 स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में सुबह आठ बजे निशान साहिब की सेवा की गई। अमृतसर से आए रागी जत्थों ने कीर्तन किया और कथा वाचक ज्ञानी अगत सिंह ने गुरु की शिक्षाओं से संगत को अवगत कराया। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारों को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर गुरु महाराज का आशीर्वाद लिया और प्रेम, समानता, मानवता तथा सेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

फरीदाबाद में गुरू नानक देव के प्रकाशोत्सव पर एनआईटी एक से निकाले गए नगर कीर्तन में बने पंज प्या

फरीदाबाद में गुरू नानक देव के प्रकाशोत्सव पर एनआईटी एक से निकाले गए नगर कीर्तन में बने पंज प्या

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X