रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Farrukhabad News:अनुपस्थित जिला क्रीड़ा अधिकारी और औषधि निरीक्षक पर करें कार्रवाई – Farrukhabad News
फ़र्रुख़ाबाद

Farrukhabad News:अनुपस्थित जिला क्रीड़ा अधिकारी और औषधि निरीक्षक पर करें कार्रवाई – Farrukhabad News

November 27, 2026


फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को हुई विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक से जिला क्रीड़ा अधिकारी और औषधि निरीक्षक अनुपस्थित रहे। इस पर मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने नाराजगी जताई। उन्होंने दोनों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में लापरवाही न बरतने और निर्धारित लक्ष्य समय से पूरे करने की हिदायत दी।

आईजीआरएस की शिकायतों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि केवल पोर्टल पर निस्तारण दिखाना पर्याप्त नहीं है। संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से अनिवार्य रूप से संपर्क करें और उसकी संतुष्टि के आधार पर समस्या का वास्तविक समाधान कराएं। शिकायतों के निस्तारण में तेजी के साथ गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति बढ़ाने और अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं को इससे जोड़ने पर जोर दिया। मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने विभागवार योजनाओं की प्रगति और रैंकिंग की जानकारी दी। इससे पूर्व कलक्ट्रेट पहुंचने पर मंडलायुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने कलक्ट्रेट कार्यालय का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण दस्तावेजों का अवलोकन किया और उनके रखरखाव व कार्यों के निष्पादन के निर्देश दिए। बैठक में सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय, एडीएम न्यायिक दिनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

एक जनवरी तक 18 साल के होने वाले युवा भी बनवा सकेंगे वोट

फर्रुखाबाद। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र लोगों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मौका मिलेगा। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता बन सकेंगे। 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक आवेदन लिए जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में मंडलायुक्त एवं रोल प्रेक्षक (विधानसभा निर्वाचक नामावली) एस. राजलिंगम ने अभियान की समीक्षा कर नाम जोड़ने में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से छूटे मतदाताओं की पहचान कराने में सहयोग मांगा। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अभियान की प्रगति बताई। बैठक में सीडीओ विनोद कुमार गौड़, एडीएम न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, एसडीएम सदर संजय कुमार, एसडीएम अमृतपुर श्वेता साहू और एसडीएम कायमगंज अभिषेक वर्मा सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

इससे पहले मंडलायुक्त ने किसानों को ट्रैक्टर की प्रतीकात्मक चाबी और दो दिव्यांगजनों को बैट्रीयुक्त ट्राइसाइकिल भेंट की। मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, एएसपी गिरीश कुमार सिंह और नगरपालिका के ईओ विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X