Farrukhabad News:दस मायावी रावणों के बाद मारा गया राक्षसराज रावण – After The Ten Illusory Ravanas Were Slain, The Demon King Ravana Himself Was Killed
फोटो-10 शृंगीरामपुर में रामलीला में युद्ध करतीं रामादल व रावण की सेनाएं। स्रोत: पाठक
-शृंगीऋषि मंदिर से रामलीला मैदान तक घनघोर युद्ध, नारांतक व अहिरावण भी ढेर
संवाद न्यूज एजेंसी
कमालगंज। तीर्थनगरी शृंगीरामपुर की प्राचीन रामलीला में रविवार को संपूर्ण रावण वध लीला का मंचन हुआ। यह मंचन पौराणिक महत्व वाले शृंगीऋषि मंदिर से रामलीला मैदान तक चला। डेढ़ किलोमीटर तक युद्ध के बाद रामादल व राक्षसी सेनाएं मैदान पहुंची।
रविवार दोपहर 2.30 बजे श्रीराम और रावण के नेतृत्व में दोनों दलों की सेनाएं बैंड-बाजे के साथ आगे बढ़ी। मैदान पर रावण के कुनबे के महा योद्धा नारांतक और अहिरावण मारे गए। इसके बाद 10 मायावी रावणों ने युद्ध में अपनी माया दिखाई। मायावी रावणों के ढेर होने के बाद लंकेश ने भी खूब माया का सहारा लिया। अंत में श्रीराम के अग्निबाण से राक्षसराज रावण धराशायी होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके साथ ही पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
सीमेंट से बने गर्दन तक के स्थायी रावण में पुतले के रूप में सिर व भुजाएं लगाई गईं। लंकेश का शरीर आतिशबाजी के पटाखों के साथ दहन किया गया। कमेटी अध्यक्ष विनय मिश्रा, संरक्षक आशुतोषानंद बाजपेई, श्याम सहयोगी, राजा मिश्रा, मोनू मिश्रा और विमल तिवारी उपस्थित रहे। लड्डूगोपाल, अवनीश यादव पिंटू, मनोज पाठक, श्यामजी मिश्रा, अजय कुमार द्विवेदी और वंश दुबे भी इस दौरान मौजूद थे। इसके बाद तीर्थनगरी में श्रीराम का विजय जुलूस निकाला गया। घरों के बाहर लोगों ने सिंहासन पर विराजमान श्रीराम की आरती उतारी, प्रसाद वितरित किया और पात्रों को भेंट भी अर्पित की।
