Fatehabad News:आठ माह से मिड-डे मील का बजट नहीं, खाना बंद करने की दी चेतावनी – No Mid-day Meal Budget For Eight Months; Warning Issued That Meals May Be Stopped
फतेहाबाद। सरकारी स्कूलों में अप्रैल से मिड-डे मील की कुकिंग कॉस्ट जारी नहीं होने से शिक्षकों के सामने बच्चों का खाना बनवाने का संकट खड़ा हो गया है। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ ने शिक्षा विभाग को चेतावनी दी है कि भुगतान नहीं हुआ तो स्कूलों में खाना बनाना बंद करना पड़ेगा।
संघ की जिलास्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान राजपाल मिताथल ने की और संचालन सचिव देसराज माचरा ने किया। संघ ने नई भुगतान प्रणाली का भी विरोध किया। संघ नेताओं ने शिक्षा विभाग से बकाया राशि जल्द जारी करने की मांग की है।
बैठक में राज्य ऑडिटर सुरजीत दुसाद ने कहा कि अप्रैल से नवंबर बीतने को है लेकिन सरकार बजट जारी करने के बजाय भुगतान की नई पेचीदगियां खड़ी कर रही है। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को दो बार ज्ञापन सौंपने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
नई व्यवस्था के तहत मिड-डे मील वर्करों का मानदेय ट्रेजरी से जारी करने और कुकिंग कॉस्ट के लिए वेंडर बनाकर उनके खातों में सीधे राशि डालने की योजना है। संघ का मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में वेंडरों का प्रबंधन व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है।
शिक्षक नेताओं ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि यदि स्कूलों में एक दिन भी खाना न बने तो अध्यापकों पर कार्रवाई की तलवार लटक जाती है लेकिन सरकार खुद आठ महीने से कुकिंग कॉस्ट रोककर घोर लापरवाही बरत रही है। बिना बजट के बच्चों के लिए राशन पकाने का प्रबंध करना शिक्षकों के लिए गले की फांस बन गया है।
संघ ने चेतावनी दी कि बकाया राशि जल्द जारी नहीं हुई तो स्कूलों में बच्चों के लिए खाना बनाना बंद करना पड़ेगा। इसकी जिम्मेदारी शासन और जिला प्रशासन की होगी। इस मुद्दे पर जल्द खंड शिक्षा अधिकारियों और प्राचार्यों से विचार-विमर्श कर आगामी रणनीति बनाई जाएगी।
बैठक में शिक्षकों की अन्य मांगों पर भी चर्चा
बैठक में शिक्षकों की अन्य लंबित मांगों को भी प्रमुखता से उठाया गया। संघ ने मांग की कि जिन अध्यापकों ने अंक सुधार कर 50 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त कर लिए हैं उनके लंबित एसीपी मामले तत्काल निपटाए जाएं। शिक्षकों के बकाया एलटीसी मामलों का भी जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित किया जाए। अध्यापक संघ ने निर्णय लिया कि इन तमाम मांगों को 12 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ की राष्ट्रीय रैली में उठाया जाएगा। संघ ने चेताया कि यदि इसके बाद भी सरकार नहीं जागी तो जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
