Charkhi Dadri News:डेंगू लैब की सीआरएम टीम ने की सराहना, जांच सुविधाओं को बताया बेहतर – Dengue Lab Crm Team Expresses Appreciation, Describes Testing Facilities As Superior
चरखी दादरी। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेने पहुंची सीआरएम (कॉमन रिव्यू मिशन) टीम ने स्थानीय डेंगू प्रयोगशाला की कार्यप्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की। टीम का नेतृत्व कर रहे वेक्टर बॉर्न डिजीज (वीबीडी) के नए जॉइंट डायरेक्टर डॉ. आशीष चक्रवर्ती ने प्रयोगशाला का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जांच की प्रक्रिया, आधुनिक तकनीक, उपकरणों और विभिन्न बीमारियों से संबंधित परीक्षण किट की उपलब्धता के बारे में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी हासिल की। अन्य स्वास्थ्य केंद्रों की तुलना में यहां की व्यवस्थाएं बेहतर पाए जाने पर टीम ने संतोष जताया।
रविवार को डॉ. आशीष चक्रवर्ती के नेतृत्व में चार दिवसीय दौरे पर पहुंची सीआरएम (कॉमन रिव्यू मिशन) टीम भले ही जिले की स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण पहुंची हो, लेकिन स्थानीय अस्पताल में डेंगू की पुष्टि के प्रयोग लिए उपलब्ध एलाइजा मशीन के जांच प्रक्रिया की जानकारी गंभीरता से ली गई। इस दौरान डॉ. आशीष चक्रवर्ती ने विशेष रूप से डेंगू की पुष्टि के लिए इस्तेमाल होने वाली एलाइजा मशीन और उससे जुड़ी जांच प्रक्रिया को समझा। उन्होंने प्रयोगशाला में नमूनों की जांच करने के तरीके, तकनीकी व्यवस्था तथा परीक्षणों की कार्यप्रणाली के बारे में विशेषज्ञों से चर्चा की। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि केंद्र में पांच प्रमुख प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध है। इनमें अधिकांश परीक्षण एलाइजा तकनीक के माध्यम से किए जा रहे हैं, जिससे बीमारियों की पहचान में मदद मिलती है।
180 प्रयोगशालाओं में शामिल है दादरी का नाम
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, देशभर में डेंगू सहित वेक्टर जनित बीमारियों की जांच के लिए लगभग 170 से 180 प्रयोगशालाएं संचालित हैं। इनमें चरखी दादरी की प्रयोगशाला भी शामिल है। यहां डेंगू के अलावा चिकनगुनिया, मलेरिया और स्क्रब टाइफस जैसी बीमारियों की जांच के लिए आवश्यक किट और संसाधन उपलब्ध हैं। नियमित रूप से संचालित परीक्षण व्यवस्था और जरूरी सामग्री की उपलब्धता को केंद्र की प्रमुख विशेषता माना गया।
नई जिम्मेदारी संभालने के बाद किया पहला अवलोकन
बताया गया कि वीबीडी के नए जॉइंट डायरेक्टर डॉ. आशीष चक्रवर्ती ने हाल ही में पदभार संभाला है। जिम्मेदारी मिलने के बाद निरीक्षण के दौरान उन्होंने दादरी की प्रयोगशाला की व्यवस्थाओं को करीब से देखा। यहां उपलब्ध संसाधनों और जांच प्रक्रिया से प्रभावित होकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तकनीकी पहलुओं पर जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान प्रयोगशाला की व्यवस्थाओं से जुड़े फोटो भी साझा करने पर चर्चा हुई, ताकि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के तहत उपलब्ध बेहतर सुविधाओं को विभागीय स्तर पर प्रस्तुत किया जा सके। इस सराहना को जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सकारात्मक उपलब्धि माना जा रहा है।
वर्सन:
स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण करने पहुंची सीआरएम टीम के लिए स्थानीय अस्पताल का अनुभव बेहतर रहा है।टीम के चार दिवसीय दौरा समापन होने के बाद स्वास्थ्य सेवाओं की जमकर प्रशंसा की गई। टीम अब निरीक्षण के दौरान मिली खामियों व जरूरी आवश्यकताओं का अपडेट मुख्यालय के उच्च अधिकारियों को सौंपेंगी।
डॉ. राहुल अरोड़, प्रवक्ता एवं डिप्टी सीएमओ
