Fatehabad News:पराली से लदी ट्रॉली व बाइक रेहड़ा की भिड़ंत में शख्स की मौत – Man Dies In Collision Between A Trolley Loaded With Stubble And A Motorcycle-towed Cart
रतिया। रतनगढ़-भूंदड़वास रोड पर वीरवार को पराली की गांठों से लदी ट्रॉली और बाइक रेहड़ा की टक्कर में पंजाब निवासी चालक की मौत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे नागरिक अस्पताल से अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पंजाब के गांव मोफर निवासी गुरनाम सिंह (47) पुत्र मोहर सिंह अपने बाइक रेहड़े पर तीन-चार सवारियां लेकर गांव भूंदड़वास आया था। वह रतनगढ़-भूंदड़वास रोड से गुजर रहा था तभी सामने से आ रहे स्वराज ट्रैक्टर से उसके रेहड़े की टक्कर हो गई। ट्रैक्टर के पीछे पराली की गांठों से भरी ट्रॉली जुड़ी हुई थी।
टक्कर में बाइक रेहड़ा चालक गुरनाम सिंह और ट्रैक्टर चालक जगसीर सिंह (32) पुत्र अमरीक सिंह निवासी रूड़की गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने गुरनाम सिंह को मृत घोषित कर दिया जबकि जगसीर सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
जांच अधिकारी एवं शहर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। मृतक का शव नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। परिजनों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
