Fatehpur News:ट्राला ने बाइक सवार मां-बेटी समेत तीन को कुचला, मौत – Fatehpur News
हुसैनगंज (फतेहपुर)। फतेहपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग हाईवे-335 पर चंदीपुर और सरैला गांव के बीच बुधवार दोपहर एक बजे ट्रक को ओवरटेक करते वक्त बाइक को सामने से ट्राला ने टक्कर मार दी। बाइक सवार युवक और महिला को ट्राला 20 मीटर तक घसीटते ले गया। हादसे में बाइक सवार युवक, महिला और उसकी पुत्री की मौत हो गई। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
हुसैनगंज थाने के असनी गांव निवासी मोहम्मद शरीफ की पत्नी शबनम (35) पुत्री इलमा (16) के साथ गांव के सौरभ मौर्य (22) के साथ ससुराल ललौली थाना क्षेत्र के कुम्हरवा गांव निमंत्रण में जाने को निकली थीं। हाईवे पर बाइक सवार चंदीपुर और सरैला के पास पहुंचे। सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्राला ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद हाईवे पर तीनों गिरे। शबनम और सौरभ ट्राला के नीचे आ गए। दोनों को बेकाबू ट्राला चालक 20 मीटर तक घसीट ले गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्राला चालक 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार में चल रहा था। बाइक से गिरकर घायल इलमा को पुलिस जिला अस्पताल लेकर पहुंची। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीओ सिटी गौरव शर्मा व एआरटीओ प्रवर्तन प्रथम संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। एआरटीओ के मुताबिक बाइक नई है। हादसा स्थल ब्लैक स्पॉट है। इस जगह पर 35 किलाेमीटर प्रति घंटे की रफ्तार होनी चाहिए। बाइक सवारों के भी काफी तेज रफ्तार में ओवरटेक करने से हादसा हुआ है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल की जांच की है। एएसपी जीपी रॉय ने बताया कि हादसे के बाद ट्राला छोड़कर चालक भाग निकला है। प्राथमिकी ट्राला चालक के खिलाफ दर्ज की गई है।
