Fatehpur News:डीएपी की कालाबाजारी पर सचिव निलंबित, स्टॉक में मिलीं 11 बोरी कम – Secretary Suspended Over Black-marketing Of Dap; 11 Bags Found Missing From Stock
फतेहपुर। खाद की किल्लत के बीच किसानों से निर्धारित कीमत से अधिक वसूली और स्टॉक में गड़बड़ी मिलने पर सहकारी विभाग ने कार्रवाई की है। देवमई विकासखंड की बी पैक्स खदरा समिति के सचिव मुकेश कुमार तिवारी को निलंबित कर दिया गया है।
आरोप है कि समिति में कृभको की डीएपी 1350 रुपये के बजाय 1400 रुपये प्रति बोरी बेची जा रही थी। जांच में पीओएस मशीन और गोदाम के स्टॉक में 11 बोरी का अंतर भी मिला है।
एआर कोआपरेटिव राजेश कुमार कटियार ने बताया कि समिति में निर्धारित मूल्य से 50 रुपये अधिक लेकर डीएपी बेचने की शिकायत मिली थी। समिति अध्यक्ष सत्येंद्र प्रताप सिंह ने भी विभाग से इसकी शिकायत की थी। खाद खरीदने वाले किसानों के बयान दर्ज किए गए। शिकायत और किसानों के बयानों के आधार पर सचिव को निलंबित किया गया है।
जांच के दौरान पीओएस मशीन में डीएपी की 311 बोरी दर्ज मिलीं, जबकि गोदाम में केवल 300 बोरी ही पाई गईं। 11 बोरी के इस अंतर को लेकर सचिव से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई के साथ आपराधिक कार्रवाई भी की जाएगी।
उधर समिति में अब तक फास्फेटिक उर्वरक की चार हजार और यूरिया की 4250 बोरी की बिक्री हो चुकी है। कार्रवाई के दिन भी किसानों को 89 बोरी डीएपी वितरित की गई। एआर कोआपरेटिव ने कहा कि खाद की निर्धारित कीमत से अधिक वसूली और स्टॉक में अनियमितता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
