फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न के बाद विवाहिता शिल्पी की मौत के मामले में हिमांयूपुर निवासी आशीष ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। भाई आशीष ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, गर्भावस्था में मारपीट करने और घर से निकालने के आरोप लगाए हैं।
आशीष के अनुसार, उनकी बहन शिल्पी की शादी जून 2025 में रानीनगर निवासी मनोज कुमार के साथ हुई थी। मनोज कुमार, ससुर प्रमोद, सास सुनीता देवी, ननद कामिनी (निवासी रानीनगर), डाली और ननदोई अवधेश दो लाख रुपये दहेज में मांग रहे थे। मांग पूरी न होने पर शिल्पी का उत्पीड़न किया जाता था और छह माह की गर्भावस्था में उन्हें घर से निकाल दिया गया था। 17 नवंबर को मनोज ने मायके आकर शिल्पी से गाली-गलौज की तथा पिटाई की। 19 नवंबर को तबीयत खराब होने पर शिल्पी को मायके से प्राइवेट अस्पताल लाया गया, यहां से ससुरालियों ने उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। प्रसव के बाद शिल्पी की हालत गंभीर हो गई और आगरा ले जाते समय उनकी मौत हो गई थी। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।