रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फ़िरोज़ाबाद

Firozabad News:सालियों के मजाक पर बिगड़ी बात, बरात लेकर लौटा दूल्हा – Groom Returns With Wedding Procession After A Joke By Sisters-in-law Goes Wrong

November 22, 2026


युवती परिजन के साथ युवक के घर पहुंची, बाद में सहमति से हुई शादी

फिरोजाबाद। खैरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी की रस्मों के दौरान हुए विवाद के बाद दूल्हा बरात लेकर लौट गया। दुल्हन की बहनों के मजाक के बाद कहासुनी बढ़ गई और नशे में मौजूद दुल्हन के पिता व भाई ने भी विवाद को तूल दे दिया। शादी रुकने से दुल्हन की मां बेहोश हो गईं, जबकि रातभर चली पंचायत के बावजूद बात नहीं बन सकी।

थाना लाइनपार क्षेत्र के ढोलपुरा निवासी युवक और खैरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती के बीच पहले से प्रेम संबंध थे। शुक्रवार को युवक पक्ष बरात लेकर युवती के गांव पहुंचा था, जहां शादी की रस्में चल रही थीं। इसी दौरान दुल्हन की सात बहनों ने दूल्हे के साथ मजाक कर दिया, जिस पर दोनों पक्षों में बात बिगड़ गई। आरोप है कि उस समय दुल्हन के पिता और भाई शराब के नशे में थे और उन्होंने विवाद को और बढ़ा दिया। दूल्हा बरात लेकर वापस लौट गया। शादी टूटने की स्थिति बनने पर दुल्हन की मां बेहोश हो गईं। दोनों पक्षों के रिश्तेदारों के बीच रातभर पंचायत चली, लेकिन दूल्हा नहीं लौटा। इसके बाद शनिवार को युवती अपने परिजन के साथ युवक के घर ढोलपुरा पहुंच गई और शादी की जिद पर अड़ गई। मामले की सूचना और विवाद के चलते दोनों पक्ष थाना लाइनपार पहुंचे। थाना इंस्पेक्टर रमित आर्य ने दोनों पक्षों की बात सुनी और मध्यस्थता कर विवाद का निपटारा कराया। इसके बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति से शादी करने पर राजी हो गए।

दोनों पक्षों में पुलिस की काउंसलिंग के बाद समझौता हो गया है। दूल्हा और दुल्हन एक दूसरे से ही शादी करने पर राजी हुए हैं।

– तेजस त्रिपाठी, सीओ सदर

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X