रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Ghaziabad News:निदौरी प्लांट का ट्रायल शुरू, कचरे से बनेगी खाद – Trial Begins At Nidauri Plant; Compost To Be Produced From Waste
गाज़ियाबाद

Ghaziabad News:निदौरी प्लांट का ट्रायल शुरू, कचरे से बनेगी खाद – Trial Begins At Nidauri Plant; Compost To Be Produced From Waste

November 25, 2026


Trial begins at Nidauri plant; compost to be produced from waste

निरीक्षण के दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी से जानकारी लेते नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल। स्रोत: नगर न

गाजियाबाद। शहर के कचरे से अब खाद और ईंधन बनेगा। निदौरी गांव में पीपीपी मॉडल पर तैयार हुए क्लस्टर बेस ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट का ट्रायल शुरू हो गया है। मंगलवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने प्लांट का निरीक्षण कर मशीनों की कार्यप्रणाली और कचरा निस्तारण की प्रक्रिया का लाइव डेमो देखा।

नगर आयुक्त ने बताया कि 45 हजार वर्ग मीटर में फैले इस अत्याधुनिक प्लांट की क्षमता 1000 से 2000 टन प्रतिदिन है। यहां गाजियाबाद नगर निगम के साथ-साथ खोड़ा नगर पालिका क्षेत्र से निकलने वाले कचरे का भी निस्तारण किया जाएगा। छंटाई के बाद कचरे से जैविक खाद और आरडीएफ (रिफ्यूज डिराइव्ड फ्यूल) तैयार किया जाएगा। इससे निगम की आय भी बढ़ेगी और कूड़े के पहाड़ों से भी निजात मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश ने प्लांट की तकनीकी खूबियों की जानकारी दी। प्लांट में कूड़ा गाड़ियों की त्वरित अनलोडिंग के लिए विशेष पिट सिस्टम बनाया गया है, ताकि गाड़ियां सीधे आकर कचरा खाली कर सकें। गीले कचरे की नमी कम करने के लिए ड्राइंग सिस्टम और आकार के आधार पर छंटाई के लिए 10 आधुनिक ट्रॉमल्स लगाए गए हैं। इसके अलावा कचरे से निकलने वाले गंदे पानी (लीचेट) को साफ करने के लिए ट्रीटमेंट प्लांट, स्प्रे और डीकंपोजिशन की व्यवस्था भी की गई है।

संचालन में लापरवाही न बरतने के निर्देश

नगर आयुक्त ने मौके पर मौजूद कार्यदायी संस्था एडीयो ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर संजय गुप्ता और अंकित अग्रवाल को प्लांट का नियमित और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महापौर सुनीता दयाल के नेतृत्व में शहर को स्वच्छ बनाने के लिए नई योजनाओं पर काम हो रहा है। ट्रायल के दौरान प्लांट की सख्त मॉनिटरिंग के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X