शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
गाज़ियाबाद

Ghaziabad News:पोक्सो मामले में तीन लाख के मुचलके पर रिलीज होगी वैगन-आर – Pocso Court Realeas Car

November 14, 2026


विशेष अदालत ने पंजीकृत स्वामी की अर्जी स्वीकार कर वाहन छोड़ने का दिया आदेश

 रंग-रूप बदलने और बेचने पर लगाई रोक

माई सिटी रिपोर्टर

गाजियाबाद। पोक्सो एक्ट से जुड़े मामले में जब्त वैगन-आर कार को विशेष अदालत ने उसके पंजीकृत स्वामी के पक्ष में रिलीज करने का आदेश दिया है। विशेष न्यायाधीश (पोक्सो एक्ट)/अपर सत्र न्यायाधीश ने अमित तोमर की अर्जी स्वीकार करते हुए तीन लाख रुपये के प्रतिभू और समान धनराशि के व्यक्तिगत बंधपत्र पर वाहन छोड़ने के निर्देश दिए।

अमित तोमर पुत्र रामवीर निवासी खेड़ा, पिलखुवा, हापुड़ ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि कार उनके नाम पंजीकृत है। वाहन थाना भोजपुर में खड़ा है। लंबे समय तक थाने में खड़े रहने से उसके खराब होने और रंग-रोगन प्रभावित होने की आशंका है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने मुकदमे में खुद को झूठा फंसाए जाने का दावा भी किया।

थाने की रिपोर्ट और आरसी का किया अवलोकन

अदालत ने मामले में थाना भोजपुर से आख्या मांगी थी। पुलिस ने रिपोर्ट में बताया कि कार मुकदमा अपराध संख्या 194/2026 में प्रयुक्त हुई थी और वर्तमान में थाने में माल मुकदमाती के रूप में दाखिल है। अदालत ने वाहन की आरसी का अवलोकन किया, जिसमें अमित तोमर का पंजीकृत स्वामी होना प्रमाणित हुआ। इसके बाद न्यायालय ने वाहन को शर्तों के साथ रिलीज करना उचित माना।

बिना अनुमति नहीं बेच सकेंगे वाहन

अदालत ने स्पष्ट किया कि वाहन रिलीज कराने के लिए अमित तोमर को तीन लाख रुपये का एक प्रतिभू और इतनी ही धनराशि का व्यक्तिगत बंधपत्र दाखिल करना होगा। उन्हें वचन देना होगा कि मुकदमे के विचारण के दौरान कार को न तो बेचेंगे और न ही उसके रंग-रूप में कोई बदलाव करेंगे। न्यायालय के आदेश पर अपने खर्चे से वाहन पेश करना भी उनकी जिम्मेदारी होगी।

थाना प्रभारी भोजपुर को वाहन की फोटोग्राफी और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं। वाहन की सुपुर्दगी से पहले पंजीकृत स्वामी की पहचान सुनिश्चित करनी होगी। इसके अलावा अमित तोमर को वाहन से संबंधित प्रपत्रों की तीन प्रतियां अदालत में दाखिल करनी होंगी। 

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X